भीषण गर्मी में बिजली की आंख-मिचौनी से आम जनजीवन त्रस्त
प्रखंड क्षेत्र में गर्मी और लचर विद्युत व्यवस्था के चलते आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बिजली केवल 6-7 घंटे ही मिल रही है, जिससे पढ़ाई और व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं। लोग उपायुक्त से नियमित विद्युत आपूर्ति की मांग कर रहे हैं। सरकार का 24 घंटे बिजली देने का दावा खोखला साबित हो रहा है।
प्रखंड क्षेत्र में चिलचिलाती धूप, हवा के गर्म थपेड़ों तथा तापमान में अप्रत्याशित बढ़ोत्तरी के साथ-साथ विद्युत आपूर्ति की लचर व्यवस्था ने आम जनजीवन का जीना मुहाल कर दिया है। स्थिति यह बन गई है कि मोबाइल तक चार्ज करना दुभर हो गया है। इनवर्टर, पंखे और बल्ब की बात करना बेमानी सा प्रतीत हो रहा है। विद्युत आपूर्ति की बात करें तो 24 घंटे में, किश्तों में बमुश्किल 06-07 घंटे बिजली लो वोल्टेज के साथ प्रखंड वासियों को मिल रही है। बिजली कब आती है और कब जाती है, यह बता पाना आम लोगों के वश की बात नहीं है।
विद्युत विभाग की बात करें तो फॉल्ट, ब्रेकडाउन, मेंटनेंस सहित अन्य कारणों का हवाला देकर अपने दायित्वों की इतिश्री कर दी जाती है। अनियमित विद्युत आपूर्ति के साथ-साथ लो वोल्टेज की समस्या उपभोक्ताओं के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गई है। अनियमित विद्युत आपूर्ति व लो वोल्टेज का खामियाजा न सिर्फ लोगों को भुगतना पड़ रहा है, बल्कि बच्चों की पढ़ाई भी नहीं हो पा रही है। दिन तो किसी तरह कट जाती है पर रात में बिजली न रहने पर लोग उमस भरी गर्मी के कारण, दिन भर मेहनत कर थक जाने के बावजूद ढंग से चैन की नींद नहीं ले पा रहे हैं। इतना ही नहीं व्यावसायिक एवं घरेलू काम भी ठीक ढंग से नहीं हो पा रहा है। ऐसी परिस्थिति में सरकार द्वारा बिना रूकावट 24 घंटे विद्युत आपूर्ति करने का दावा खोखला साबित हो रहा है। उल्लेखनीय है कि बरसात के मौसम में तेज हवा चलने, बारिश होने की वजह से विद्युत आपूर्ति बाधित रहती रही है। वहीं ठंड के मौसम में भी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था 24 घंटे उपलब्ध नहीं रहती है। दूसरे शब्दों में अगर कहा जाए कि गर्मी के मौसम में बीते कई वर्षों की पुरानी परंपरा अनियमित व लो वोल्टेज के साथ बमुश्किल 06-07 घंटे बिजली का रहना, इस वर्ष भी कायम है। विद्युत उपभोक्ताओं के साथ-साथ आम लोगों ने नव पदस्थापित उपायुक्त पाकुड़ से सही वोल्टेज के साथ नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल कराने के लिए जिला मुख्यालय स्थित उनके कार्यालय में जाकर मिलने तथा लिखित आवेदन देकर व्यवस्था में सुधार कराने की मांग करने का मन बनाया है। यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा कि क्या आम लोगों के उपायुक्त से मिलने से पहले विद्युत विभाग विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार लाने की पहल कर पाती है या नहीं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन