हीट वेव पर जिले को सरकार के निर्देश का इंतजार
लोहरदगा जिले में गर्मी और हीट वेव के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने जरूरी इंतजाम किए हैं। हालांकि, राज्य स्तर से कोई गाइडलाइन नहीं आई है। अस्पतालों में ओआरएस, दवाइयों और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई है। सिविल सर्जन ने लू से बचने के लिए सावधान रहने की सलाह दी है।

लोहरदगा, संवाददाता। लोहरदगा जिले में बढ़ती गर्मी और संभावित हीट वेव को ले अभी तक राज्य स्तर से कोई स्पष्ट गाइडलाइन जारी नहीं की गई है। सिविल सर्जन ने बताया कि विभाग को अब तक स्टेट से आधिकारिक निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं, बावजूद इसके जिला स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर काम कर रहा है। सदर अस्पताल और सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में ओआरएस, जरूरी दवाइयों और प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। अस्पतालों के ओपीडी और प्राथमिक उपचार कक्ष में लू के लक्षणों की पहचान के लिए विशेष जांच की व्यवस्था है, वहीं ओआरएस कॉर्नर भी बनाए गए हैं।
त्वरित पहचान के लिए स्टैंडर्ड ट्रीटमेंट प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है और इमरजेंसी सेवाएं भी तैयार रखी गई हैं।हालांकि, जिला और प्रखंड स्तर पर अब तक आपातकालीन रैपिड रेस्पांस टीम का गठन नहीं हो सका है। जो एक महत्वपूर्ण कड़ी मानी जाती है। वहीं अस्पतालों के वार्ड और ओपीडी में मरीजों के लिए वाटर कूलर और एयर कूलर की व्यवस्था नहीं है, फिलहाल सीलिंग फैन के सहारे ही काम चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार मरीजों के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि जैसे ही राज्य सरकार से गाइडलाइन प्राप्त होगी, सीएचसी स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सिविल सर्जन ने कहा कि हीट वेव की चपेट में आने वाले मरीजों को जहां भी चिन्हित किया जाएगा, वहीं पर त्वरित उपचार की व्यवस्था की जाएगी। फिलहाल जिले में हीट वेव से प्रभावित किसी मरीज की पुष्टि नहीं हुई है। सिविल सर्जन डॉ. राजू कच्छप ने जिलेवासिओं को लू से बचने की सलाह देते हुए कहा है कि जिलेवासी बढ़ी गर्मी को देखते हुएदोपहर 12 बजे से तीन बजे के बीच धूप में निकलने से परहेज करें। पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ (नींबू पानी, सत्तू पानी, आम पन्ना, ओआरएस, नींबू पानी, छाछ) का सेवन करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन