बकरीद पर शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील, सोशल मीडिया पर रहेगी कड़ी नजर बकरीद पर्व में अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालो पर होगी कड़ी कारवाई : डीसी
लातेहार में ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए शांति समिति की बैठक हुई। डीसी संदीप कुमार ने विधि व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। पुलिस बल की तैनाती और सोशल मीडिया पर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। सभी चौक-चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की बात कही गई।

लातेहार,संवाददाता। आगामी ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता डीसी संदीप कुमार ने की।
बैठक की मुख्य बातें
बैठक में डीसी ने कहा कि पर्व के दौरान विधि व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहे। उन्होंने सभी शांति समिति सदस्यों से प्रशासन एवं अन्य समुदाय के लोगों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर भाईचारे के माहौल में पर्व संपन्न कराने की अपील की। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया।
सोशल मीडिया पर निगरानी
डीसी श्री कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। किसी भी व्यक्ति द्वारा अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की नजर रहेगी। उन्होंने पर्व के दौरान सभी चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने का निर्देश दिया।
पुलिस बल की तैनाती
एसपी कुमार गौरव ने कहा कि बकरीद के दौरान जिलेभर में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साइबर सेल द्वारा सोशल मीडिया पर लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों और दंडाधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। एसपी ने कहा कि पर्व के दौरान प्रतिबंधित पशुओं का परिवहन पूरी तरह वर्जित रहेगा। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष गश्ती अभियान चलाया जाएगा। विधि व्यवस्था से जुड़ी छोटी-बड़ी घटनाओं की सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष एवं वरीय अधिकारियों को देने का निर्देश भी दिया गया। बैठक में जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय पदाधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि, प्रखंड विकास पदाधिकारी, थाना प्रभारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन