Malmash Begins on May 17 Spiritual Significance and Auspicious Dates मलमास कल से, 15 जून तक शादी-विवाह समेत सभी शुभ काम रहेंगे वर्जित, Kodarma Hindi News - Hindustan
More

मलमास कल से, 15 जून तक शादी-विवाह समेत सभी शुभ काम रहेंगे वर्जित

इस वर्ष 17 मई से मलमास (अधिकमास) की शुरुआत हो रही है, जो 15 जून तक रहेगा। इस दौरान विवाह, गृह प्रवेश जैसे मांगलिक कार्य वर्जित होते हैं। पंडित विनोद पांडेय के अनुसार, यह विशेष आध्यात्मिक साधना का समय है, जिसमें भक्तजन व्रत और धार्मिक अनुष्ठानों में रुचि लेते हैं। शुभ कार्य 21 जून से फिर से शुरू होंगे।

Sat, 16 May 2026 02:11 AMNewswrap हिन्दुस्तान, कोडरमा
share
मलमास कल से, 15 जून तक शादी-विवाह समेत सभी शुभ काम रहेंगे वर्जित

कोडरमा, वरीय संवाददाता। इस वर्ष 17 मई यानी कल से मलमास (अधिकमास) की शुरुआत हो रही है, जो 15 जून तक रहेगा। सनातन धर्म में मलमास को विशेष आध्यात्मिक साधना और पूजा-पाठ का समय माना जाता है, जबकि इस अवधि में विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन, नामकरण जैसे सभी मांगलिक कार्य वर्जित रहते हैं। झुमरीतिलैया निवासी पंडित विनोद पांडेय बताते हैं कि प्रत्येक तीन वर्ष के अंतराल पर पंचांग की गणना के आधार पर अधिकमास लगता है। इस बार यह ज्येष्ठ मास में पड़ रहा है, जिसके कारण ज्येष्ठ का महीना कुल 59 दिनों का हो जाएगा। जो 19 साल बाद आया एक दुर्लभ संयोग है। यह सामान्य 30 के बजाय दो महीनों (59 दिन) तक चलेगा, जिससे आने वाले सभी पर्व- त्योहार 18 से 20 दिन विलंब से आएंगे। ज्येष्ठ मास दो मई से प्रारंभ हुआ जो कि अधिक मास के कारण 29 जून तक रहेगा। दरअसल, सूर्य और चंद्रमा की चाल में संतुलन बनाए रखने के लिए अधिकमास जोड़ा जाता है, ताकि पंचांग और मौसम के बीच सामंजस्य बना रहे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पुरुषोत्तम मास 17 मई से, शुभ कार्यों पर लगेगा विराम

मलमास का आध्यात्मिक महत्व

पंडित विनोद पांडेय बताते हैं कि मलमास को ‘पुरुषोत्तम मास’ भी कहा जाता है, जो भगवान विष्णु को समर्पित होता है। इस दौरान भक्तजन व्रत, दान, जप-तप और धार्मिक अनुष्ठानों में विशेष रूप से रुचि लेते हैं। मान्यता है कि इस माह में किया गया दान-पुण्य और भक्ति कई गुना फलदायी होता है। गीता पाठ, भागवत कथा, विष्णु सहस्रनाम और सत्संग का विशेष महत्व बताया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:शनि जयंती पर 500 साल बाद दुर्लभ ज्योतिषिय संयोग

अब 21 जून से बजेगी शहनाई

इस अवधि में शुभ कार्यों पर रोक रहती है, इसलिए विवाह जैसे कार्यक्रमों को आगे बढ़ा दिया जाता है। ज्योतिषियों के अनुसार, मलमास समाप्त होने के बाद 21 जून से पुनः शुभ लग्न शुरू हो जाएंगे, जिससे शादी-विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों की रौनक लौट आएगी। पंडित विनोद पांडेय बताते हैं कि मलमास आत्मचिंतन, संयम और आध्यात्मिक उन्नति का समय है। इस दौरान व्यक्ति को सांसारिक इच्छाओं से दूर रहकर भगवान की भक्ति में लीन रहना चाहिए। यही कारण है कि इसे नकारात्मक नहीं बल्कि आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण और शुभ माना जाता है।

पंचाग में लग्न की स्थिति

जून 2026: 21, 22, 23, 24, 25, 26, 27, 29

जुलाई 2026: 1, 6, 7, 11, 12

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।