झुलस रहा है झारखंड, कोल्हान में 5 की मौत; आज से नौतपा भी दिखा सकता है प्रकोप
झारखंड में चिलचिलाती धूप और लू लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। शनिवार और रविवार की तपिश में पूर्वी सिंहभूम में चार और पश्चिम सिंहभूम जिले में एक आदमी की जान चली गई। रविवार को राज्य के 15 जिलों में अधिकतम पारा 40 डिग्री या उसके पार दर्ज किया गया।

झारखंड में चिलचिलाती धूप और लू लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। शनिवार और रविवार की तपिश में पूर्वी सिंहभूम में चार और पश्चिम सिंहभूम जिले में एक आदमी की जान चली गई। रविवार को राज्य के 15 जिलों में अधिकतम पारा 40 डिग्री या उसके पार दर्ज किया गया। मेदिनीनगर और गढ़वा 44 डिग्री तापमान के साथ राज्य में सबसे गर्म शहर रहा। न्यूनतम तापमान का मीटर भी चढ़ रहा है। रविवार को बोकारो, जमशेदपुर, कोडरमा और चतरा का न्यूनतम पर 29 डिग्री था।
गर्मी से मौत की बात करें तो पूर्वी सिंहभूम के कोवाली स्थित माटियाल गांव में लू से 30 साल के मोहन सरदार की मौत हो गई। वहीं जमशेदपुर के बिष्टूपुर में संतोष उर्फ राजू पगला सड़क किनारे अचानक गिर पड़ा और मौत हो गई। वहीं, टाटानगर स्टेशन पोर्टिको के पास एक अज्ञात युवक अचेत मिला। अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर, बर्मामाइंस ट्यूब कंपनी गेट के पास रविवार रात अधेड़ का शव बरामद किया गया। उसकी भी मौत लू से होने की बात कही जा रहा है। उधर, पश्चिम सिंहभूम के हाटगम्हरिया स्थित कूदापी में 45 वर्षीया महिला का शव पेड़ के नीचे मिला। मौत का कारण लू बताया जा रहा है। उधर, कुमारडुंगी प्रखंड के बड़ालूंती गांव में शनिवार की शाम वज्रपात से नौ साल के सूरज तिरिया की मौत हो गई थी।
नौतपा का भी आज से दिख सकता है प्रकोप
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में नौतपा के कारण सोमवार से लेकर दो जून तक उमसभरी गर्मी और बढ़ सकती है। भगवान सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने से लेकर नौ दिनों तक नौतपा कहलाता है। इस दौरान सूर्य की सीधी किरणें धरती की सतह पर पड़ती है। इससे गर्मी और पारे में वृद्धि के साथ उमस की गर्मी बढ़ जाती है। हालांकि झारखंड के कुछ जिलों में जहां सोमवार को दिन में गर्मी सताएगी। वहीं कई जिलों में आंधी के साथ कहीं-कहीं वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है।
कहीं-कहीं मौसम में बदलाव संभव
मौसम विभाग रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में पलामू समेत चतरा और गढ़वा में लू से राहत मिलने की संभावना है। लेकिन, रांची समेत राज्य के अन्य जिलों में सोमवार को भी गरज के साथ बादल बनेंगे। कहीं-कहीं मौसम बदलाव भी हो सकते हैं।
शहरों में तापमान की स्थिति
शहर अधिकतम न्यूनतम
मेदिनीनगर 44.0 , 27.6
गढ़वा 44.0, 27.0
चतरा 42.0, 29.0
बोकारो 42.0, 29.0
गिरिडीह 42.0, 28.0
सरायकेला 42.0, 28.0
प. सिंहभूम 41.0, 29.0
जमशेदपुर 40.5, 29.1
धनबाद 40.0, 27.0
जामताड़ा 40.0, 27.0
देवघर 40.0, 27.0
सिमडेगा 40.0, 26.0
रामगढ़ 40.0, 26.0
गुमला 40.0, 24.0
खूंटी 40.0, 23.0
रांची 39.0, 26.6
गोड्डा 39.0, 28.0
दुमका 39.0, 27.0
साहिबगज 39.0, 28.0
लोहरदगा 39.0, 25.0
पाकुड़ 38.0, 28.0




साइन इन