झारखंड: देवघर में 6 दिन से गायब युवती की रेत में दबी मिली लाश, गैंगरेप के बाद हत्या
झारखंड के देवघर जिले में एक महिला की डेड बॉडी बरामद हुई है। महिला बीते 6 दिनों से लापता थी। महिला के साथ गैंगरेप के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों को दबोचा है। इनमें एक महिला भी शामिल है।

झारखंड के देवघर जिले में 6 दिन से लापता एक 21 साल की महिला की लाश नदी के पास रेत में दबी बरामद होन से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। पीड़िता की हत्या इसलिए की गई क्योंकि वह मुख्य आरोपी और उसकी प्रेमिका के संबंधों के बारे में जानती थी। इस मामले में पुलिस ने फॉरेंसिक और खुफिया जानकारी की मदद से एक महिला समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना 16 मई को रिखिया थाना क्षेत्र में हुई थी। पुलिस ने इस मामले में 29 वर्षीय महिला समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में मुख्य आरोपी की महिला साथी भी शामिल है। इन लोगों ने 21 वर्षीय पीड़िता के साथ गैंग रेप करने के बाद उसकी गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
पीड़िता के माता-पिता ने 17 मई को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस को 19 मई को महिला की लाश राधिया नदी के पास रेत के नीचे दबी मिली थी। फॉरेंसिक, तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
देवघर के एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने कहा कि पूछताछ के दौरान 27 वर्षीय मुख्य आरोपी और उसकी प्रेमिका ने बताया कि पीड़िता उनके संबंध के बारे में जानती थी। उसने यह बात कई लोगों के सामने बताई थी। इसके बाद उन्होंने 19 वर्षीय एक साथी के साथ मिलकर कथित तौर पर उसकी हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, साजिश के तहत आरोपी की प्रेमिका पीड़िता को नदी के पास एक सुनसान जगह पर ले गई जहां दोनों आरोपी पहुंचे और पीड़िता के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने पीड़िता की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपियों ने पीड़िता की लाश को पास के एक गड्ढे में फेंक दिया। आरोपियों ने 18 मई की रात को लाश को छिपाने के लिए उसे रेत से ढक दिया। तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।




साइन इन