झारखंड में होगी तेज बारिश, 2 दिन चलेंगी तूफानी हवाएं; कब मिलेगी राहत
रांची समेत राज्यभर में अगले 2 दिन मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आंधी-बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार को बादल छाए रहेंगे और मध्यम दर्जे की बारिश होगी।

रांची समेत राज्यभर में अगले दो दिन मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आंधी-बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार को बादल छाए रहेंगे और मध्यम दर्जे की बारिश होगी। वहीं 70 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। कुछ इलाकों में ओले भी गिरने की आशंका है। हालांकि उसके बाद बादल छंट सकते हैं।
मौसम विभाग, रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रविवार से मौसम साफ होने की संभावना है। इसके साथ ही अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य में 24 घंटों के दौरान कई जगहों पर आंधी व गरज के साथ बारिश हुई। धनबाद में ओलावृष्टि हुई। इससे वहां रबी फसलों के साथ सब्जियों, आम-लीची के मंजरों को नुकसान पहुंचा है। बोकारो में सबसे अधिक 43 मिमी बारिश दर्ज की गई। रांची और आसपास के क्षेत्रों में शाम में बारिश हुई।
सबसे गर्म रहा मेदिनीनगर रांची में न्यूनतम पारा 20 बढ़ा
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में सर्वाधिक पारा 38.2 डिग्री मेदिनीनगर का रहा, जबकि रांची में अधिकतम 34.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री रहा। रांची के न्यूनतम तापमान में 24 घंटों के दौरान करीब दो डिग्री की वृद्धि हुई। राज्य में भी अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से अधिक चल रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश के मध्य भाग और उत्तर प्रदेश के पूर्वी भाग और आसपास के क्षेत्रों पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसका प्रभाव झारखंड पर है और मौसम में बदलाव हो रहा है।




साइन इन