झारखंड में मंईयां योजना फॉर्म को लेकर भारी बवाल, हजारों महिलाओं का धावा; पथराव
झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री मंईयां योजना का नया फॉर्म लेने और उसे जमा कराने की मांग को लेकर मंगलवार को मानगो अंचल कार्यालय में भारी बवाल हुआ।

झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री मंईयां योजना का नया फॉर्म लेने और उसे जमा कराने की मांग को लेकर मंगलवार को मानगो अंचल कार्यालय में भारी बवाल हुआ। फॉर्म की मांग और उसे जमा करने की जिद ने ऐसी स्थिति पैदा कर दी, कि महिलाएं कुछ भी सुनने के लिए तैयार नहीं थीं। आजादनगर और जवाहरनगर क्षेत्र से हजारों की संख्या में पहुंचीं महिलाओं ने पथराव भी किया।
हालांकि, इससे कार्यालय को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा। भीड़ को समझाने में अंचलाधिकारी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव को काफी मशक्कत करनी पड़ी। तीन-तीन बार उन्होंने अपनी गाड़ी में लगी माइक से महिलाओं को समझाने का प्रयास किया कि फिलहाल कोई फॉर्म जमा नहीं हो रहा है। न फॉर्म बांटा जा रहा है। जिनका सत्यापन होना है, उन्हें ऑफिस से फोन जाएगा, शेष महिलाओं को कोई कागजात जमा करने की जरूरत नहीं है। किसी की पेंशन भी बंद नहीं होगी।
10 बजे से लगने लगी भीड़, 12 बजे तक स्थिति बेकाबू
मानगो अंचल कार्यालय सुबह 10 खुलने के साथ ही भीड़ बढ़ने लगी। 11 बजते-बजते वहां सैकड़ों महिलाएं जमा हो गईं। 12 बजे तक स्थिति यह हो गई कि कार्यालय परिसर के बाहर तिल रखने को जगह नहीं बची। कार्यालय कर्मियों को गेट बंद करना पड़ा। अंचलाधिकारी ने भीड़ के तेवर देख एमजीएम थाना प्रभारी को स्थिति की जानकारी देकर मदद मांगी। परंतु पुलिस गश्ती गाड़ी के दो-तीन पुलिस वाले ही वहां आये और वे भी थोड़ी देर में चले गये। इधर बवाल बढ़ता गया। अंत में सीओ ने उच्चाधिकारियों से मदद मांगी, तब कुछ पुलिस कर्मी पहुंचे और स्थिति संभाली।
सोमवार को भी किया था अंचल कार्यालय का घेराव
सीओ की बातें भी महिलाएं सुनने के लिए तैयार ही नहीं थीं। उनका कहना था कि अंचल कर्मियों ने कुछ को मंईयां योजना का फॉर्म दिया और अब उन्हें नहीं दिया जा रहा है। वहीं, कुछ महिलाएं कल मिले फॉर्म को भरकर जमा करने पहुंचीं थीं जो उसे रिसीव करने की जिद पर अड़ी थीं। कर्मचारियों ने बताया कि सोमवार को भी महिलाओं ने इसी प्रकार ऑफिस घेर लिया था जिसके कारण मजबूरी में उन्हें फॉर्म देकर उन्होंने स्थिति संभाली थी।
कपाली में फॉर्म जमा करने की मिली सूचना
कुछ महिलाओं ने बताया कि कपाली क्षेत्र में मंईयां योजना का फॉर्म वितरण व जमा लिया जा रहा है। यही जानकारी लेकर वे भी यहां अपना फॉर्म जमा कराने आयी हैं। एक को देख दूसरी और फिर तीसरी आती गईं और हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सहायक निदेशक बोले कहीं फॉर्म जमा नहीं हो रहा
इस मामले में जिले की सामाजिक सुरक्षा की सहायक निदेशक नेहा संजना खलखो ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल जिले में कहीं भी योजना का फॉर्म नहीं भरा जा रहा है। जिन्हें सम्मान राशि मिल रही है, उनका सत्यापन घर-घर जाकर किया जाएगा।




साइन इन