झारखंड के 3 जिलाें में वेतन घोटाले का मास्टरमाइंड, कौन है कौशल कुमार पांडेय; मां के खाते में भी भेजे थे पैसे
हजारीबाग, बोकारो और चाईबासा में पुलिस के वेतन समेत अन्य मदों से फर्जी निकासी के मामले में मास्टरमाइंड के तौर पर बोकारो के लेखा शाखा के कर्मी कौशल कुमार पांडेय को ही चिह्नित किया जा रहा है। तीनों जिलों में फर्जी निकासी के तार पूरी तरह कौशल पांडेय से जुड़ गए हैं।

हजारीबाग, बोकारो और चाईबासा में पुलिस के वेतन समेत अन्य मदों से फर्जी निकासी के मामले में मास्टरमाइंड के तौर पर बोकारो के लेखा शाखा के कर्मी कौशल कुमार पांडेय को ही चिह्नित किया जा रहा है। तीनों जिलों में फर्जी निकासी के तार पूरी तरह कौशल पांडेय से जुड़ गए हैं। चाईबासा में पुलिस के वेतन समेत अन्य मद से निकासी के मामले में सीआईडी की एसआईटी की जांच में यह बात सामने आयी है कि वेतन मद की राशि का एक हिस्सा कौशल कुमार पांडेय की मां बृज देवी के बैंक खाते में भी ट्रांसफर हुआ। हालांकि अबतक की जांच में इस फर्जीवाड़े में किसी वरीय अधिकारी की भूमिका नहीं पायी गई है।
चाईबासा में ट्रेजरी अफसर सुमित कुमार का बयान दर्ज किए जाने के बाद देवनारायण मुर्मू को गिरफ्तार किया गया था। चाईबासा ट्रेजरी से पुलिस खाते के जरिए हुई निकासी में भी सीआईडी ने केस टेकओवर किया था। जांच में यह बात सामने आयी है कि चाईबासा से फर्जी निकासी में भी कौशल की भूमिका थी। वहीं हजारीबाग में फर्जी निकासी के मामले में पूर्व से ही कौशल के तार जुड़े थे। हजारीबाग केस में आरोपी रहे पुलिसकर्मी पूर्व में कौशल पांडेय के साथ पलामू जिले में पोस्टिंग के दौरान काम चुके हैं। एसआईटी ने जांच में यह पाया गया है कि चाईबासा ट्रेजरी से अवैध निकासी के बाद पैसे चार अलग-अलग खातों में भेजे गए थे। बता दें कि मनी ट्रेल से जुड़े इस मामले में करोड़ों की हेराफेरी की बात पहले ही सामने आ चुकी है। जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नए-नए खुलासे हो रहे हैं। यह भी बता दें कि कौशल कुमार पांडेय के द्वारा बोकारो ट्रेजरी से फर्जी निकासी के लिए कूट रचना किए जाने की पुष्टि हुई है।
चाईबासा मामले में किन-किन खातों में ट्रांसफर हुए थे पैसे
चाईबासा ट्रेजरी से फर्जी तरीके से 26.21 लाख की निकासी की जांच में यह बात सामने आयी कि एसआईबी पोटका के खाता 31285896907, एसबीआई मोरहाबादी टैगोर हिल के खाता संख्या 37885151142, एसबीआई चाईबासा, एसबीआई मयूरभंज के खातों से भी पैसे ट्रांसफर किए गए थे। अलग-अलग खातों में सितंबर 2017 के बाद से पैसे ट्रांसफर किए गए थे।
कौशल का सहयोगी 30 अप्रैल को हुआ था गिरफ्तार
बोकारो ट्रेजरी से अवैध निकासी की जांच कर रही सीआईडी रांची की टीम ने 30 अप्रैल को बोकारो एसपी कार्यालय की लेखा शाखा में पदस्थापित आरक्षी काजल मंडल को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के लिए रांची लाया गया था। काजल मंडल पर भी मुख्य आरोपी कौशल कुमार पांडेय का सहयोगी होने का आरोप लगा था। काजल की गिरफ्तारी से पहले सीआईडी रांची की टीम ने मैनुअल व डिजिटल तरीके से कई रिकार्ड की भी जांच की थी। मामले में सात अप्रैल को मुख्य आरोपी एसपी कार्यालय के सस्पेंड लेखपाल कौशल पांडेय को गिरफ्तार किया गया था। जांच के क्रम में 27 अप्रैल को होमगार्ड जवान सतीश कुमार, 29 अप्रैल को एएसआई अशोक भंडारी की गिरफ्तारी हुई थी।




साइन इन