अगले 4 दिन में बदल जाएगा झारखंड का मौसम, 60KM की रफ्तार से चलेगी हवाएं; तेज बारिश भी होगी
झारखंड के कई जिलों में शनिवार को भी आंधी-बारिश हुई। कई जिलों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटे रहे। इस दौरान वज्रपात की चपेट में आने से पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं बारिश के कारण राज्य के तापमान में गिरावट आई है।

Jharkhand Weather: झारखंड के कई जिलों में शनिवार को भी आंधी-बारिश हुई। कई जिलों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटे रहे। इस दौरान वज्रपात की चपेट में आने से पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं बारिश के कारण राज्य के तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से अगले चार दिनों तक आंधी के साथ बारिश और कहीं-कहीं वज्रपात के आसार हैं।
एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत
जानकारी के अनुसार, कोडरमा के सतगावां प्रखंड के टेहरो पंचायत के नंदूडीह गांव में शुक्रवार की रात ठनका से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में प्रदीप यादव की पत्नी सरस्वती देवी (42), उनका पुत्र अंकित कुमार (12) और उनकी बुआ मुंद्रिका देवी (60) शामिल हैं। उधर, बालूमाथ में वज्रपात की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हैं। उधर, चतरा जिले के टंडवा स्थित बड़गांव में वज्रपात से एक किशोरी की मौत हो गई।
इन जिलों में हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में शुक्रवार की रात से शनिवार तक बोकारो, कोडरमा, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़, रांची, लातेहार, गुमला, खूंटी, सिमडेगा जिलों में तेज हवा के साथ कहीं-कहीं बारिश हुई होने के साथ ही वज्रपात की घटना हुई।
कहां कितना तापमान
इधर, बारिश की वजह से रांची समेत अलग-अलग जिलों के अधिकतम तापमान में चार से लेकर 10 डिग्री तक कमी आई है। रांची में शनिवार को अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री रहा, जो कि सामान्य से चार डिग्री कम है। वहीं बोकारो का अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री रहा जो कि सामान्य से दस डिग्री कम है। मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान सबसे अधिक 39.4 डिग्री दर्ज किया गया।
जिलों में अधिकतम तापमान की स्थिति
मेदिनीनगर 39.4
जमशेदपुर 33.6
रांची 33.3
कोडरमा 33.3
हजारीबाग 33.0
बोकारो 29.1
रांची समेत कई जिलों में टर्फ लाइन का प्रभाव
रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राजस्थान से लेकर एक टर्फ लाइन बांग्लादेश तक बनी हुई है। वहीं उत्तर प्रदेश के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन से एक टर्फ लाइन मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से होकर ओडिशा के अंदरूनी हिस्से तक कायम है। इसका असर झारखंड के मौसम पर पड़ रहा है। इसी के प्रभाव से रविवार से राज्य के कई हिस्सों में अगले चार दिनों तक आंधी के साथ बारिश और कहीं-कहीं वज्रपात के आसार हैं।
धनबाद में 15 तक येलो अलर्ट
धनबाद में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। शनिवार की सुबह तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोगों का हाल बेहाल रहा। दिन चढ़ने के साथ तापमान में बढ़ोतरी हुई और लोगों को गर्म हवाओं का सामना करना पड़ा।
हालांकि शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ली और आसमान में घने काले बादल छा गए। बारिश के कारण हीरापुर, बैंक मोड़, सरायढेला, बरटांड़, पुराना बाजार समेत कई इलाकों में सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बन गई। अचानक मौसम बदलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है, क्योंकि गर्मी और सूखे जैसी स्थिति से फसलों पर असर पड़ रहा था। धनबाद में शनिवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। साथ ही मौसम विभाग ने धनबाद सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। धनबाद सहित आसपास के क्षेत्रों में 15 मई तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार इस दौरान गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवा और वज्रपात हो सकते हैं।




साइन इन