बदल गया झारखंड का मौसम, 24 घंटे में इन जिलों में झमाझम बारिश के साथ चलेगी आंधी; IMD का ऑरेंज अलर्ट
झारखंड का मौसम बदल गया है। प्रदेश में लगातार बारिश और तेज हवाओं का दौर चल रहा है। तेज बारिश और हवाओं के कारण तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिली। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Jharkhand Weather: झारखंड का मौसम पूरी तरह बदल गया है। प्रदेश में तेज हवा के साथ बारिश का दौर जारी है। हवा के साथ बारिश होने के कारण तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, रांची में हवा की रफ्तार 60 किमी प्रतिघंटे रही। जबकि, रांची में 3.3 मिमी बारिश हुई। पिछले 24 घंटों के आंधी-बारिश से राज्य के तापमान में पांच से आठ डिग्री की कमी आयी है। आइए जानते हैं पूरे झारखंड के मौसम का हाल।
24 घंटे में 8 डिग्री गिरा तापमान
राजधानी समेत राज्य के अधिकांश जिलों का मौसम ठंडा रहा। रांची का तापमान पिछले 24 घंटे में करीब आठ डिग्री नीचे गिरकर 30.7 डिग्री दर्ज किया गया। यहां के न्यूनतम तापमान में भी करीब सात डिग्री की गिरावट हुई और यह 18.0 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान में भी करीब सात डिग्री की गिरावट हुई। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची समेत राज्य के 17 जिलों में अगले 24 घंटे के लिए आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिलेगी।
औंधे मुंह गिरा बिजली बोर्ड का सिस्टम
राजधानी में गुरुवार दोपहर को तेज हवा और बारिश ने बिजली बोर्ड के सिस्टम को औंधे मुंह गिरा दिया। झारखंड बिजली वितरण निगम द्वारा वर्षभर की गई तैयारी को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके कारण रांची और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई। सबसे ज्यादा नुकसान न्यू कैपिटल डिविजन को उठाना पड़ा।
हरमू में 6 घंटे नहीं आई बिजली
हरमू लाइन में ब्रेकर में खराबी आ गई। इसके कारण करीब छह घंटे हरमू इलाके में बिजली ठप रही। दोपहर तीन बजे के आसपास गई बिजली देर शाम 9.50 बजे तक बहाल नहीं हुई थी। मरम्मत कार्य जारी था। चिरौंदी, कांके, रातू रोड, हरमू, बहुबाजार, कोकर, डोरंडा, हिनू, बुकरू, ओरमांझी सहित अन्य इलाके ज्यादा प्रभावित रहे।
टाटीसिल्वे में 9 घंटे नहीं आई बिजली
टाटीसिल्वे में नौ घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। आधी रात 2.30 बजे से दूसरे दिन करीब नौ घंटे बिजली ठप रही। इसके कारण पूरी रात लोग अंधेरे में रहे और सुबह में पानी संकट से भी जूझते रहे। लेकिन, किन कारणों से बिजली नहीं थी, इसकी पुष्टि बिजली विभाग ने नहीं की। डोरंडा डिविजन अंतर्गत हिनू इलाके में भी सुबह और दोपहर बाद बारिश के समय भी घंटों बिजली नहीं रही। बड़े इलाके में ब्रेक डाउन की स्थिति उत्पन्न हो गई। देर रात तक ग्रामीण इलाके अंधेरे में डूब गए।




साइन इन