कल से बदल जाएगा झारखंड का मौसम, होगी झमाझम बारिश; आंधी का भी ऑरेंज अलर्ट
झारखंड के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मौसम विभाग के अनुसार, कल से पूरे प्रदेश में बारिश के साथ तूफानी हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आइए जानते हैं पूरे झारखंड के मौसम का हाल।

Jharkhand Weather: झारखंड में गुरुवार से मौसम में बदलाव की संभावना बन रही है। रांची समेत कई जिलों में गुरुवार को आंधी और गरज के साथ बारिश होने के आसार जताए गए हैं। जबकि, अगले दो दिनों के दौरान पूरे राज्य में कई जिलों में बारिश होने की संभावना व्यक्त की गयी है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार और शुक्रवार को रांची समेत राज्य के 14 जिलों में आंधी, गरज के साथ बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, दोनों दिन राज्य में संताल के सभी छह जिलों समेत धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, रांची और खूंटी में 50 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। शेष झारखंड में हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रतिघंटा रहने का अनुमान है। राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान कई जगहों पर बारिश हुई।
क्या बोले मौसम वैज्ञानिक
झारखंड मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची समेत पूरे राज्य में गुरुवार से मौसम में बदलाव की संभावना है। गुरुवार से अगले तीन दिनों के दौरान राजधानी समेत 14 जिलों में आंधी, गरज के साथ बारिश होने की संभावना जाहिर की गयी है। वज्रपात की भी चेतावनी है।
पलामू का पारा 41 पार कई जिलों में बारिश भी
पलामू का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार 41.4 डिग्री दर्ज किया गया। यहां का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के करीब 29.6 डिग्री दर्ज किया गया। जमशेदपुर, चाईबासा आदि शहरों का न्यूनतम तापमान भी 28 से 29 डिग्री तक रहा। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार से लेकर पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों तक एक निम्न दबाव का ट्रफ है। यूपी के पूर्वी हिस्से पर एक साईक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है।
सुबह में छाए बादल दोपहर में धूप से उमस
पिछले 24 घंटे के दौरान रांची समेत कई जिलों का मौसम गर्म रहा। सुबह में उमस की गर्मी काफी बढ़ गयी है। रांची का न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री दर्ज किया गया। यहां सुबह में बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर में तेज धूप से उमस की गर्मी बढ़ गयी है। न्यूनतम पारा में पिछले 24 घंटे के दौरान इसमें तीन डिग्री की वृद्धि हुई। यहां का अधिकतम पारा 35.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है।
झारखंड कब पहुंचेगा मानसून
राजधानी रांची समेत राज्य के 14 जिलों के लिए मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इससे गर्मी से राहत मिलेगी। इससे तुरंत बाद झारखंड में अगले चार से पांच दिनों के दौरान मानसून प्रवेश करने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। मौसम विभाग रांची के अनुसार, झारखंड में मानसून प्रवेश के लिए अनुकूल स्थितियां बन रही हैं। इस समयावधि में यह देश के दक्षिणी भागों समेत नॉर्थ-ईस्ट राज्यों के शेष भागों पर कायम होते हुए झारखंड पहुंचेगा।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि मौजूदा परिस्थितियों के अनुसार अगले 4-5 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के शेष भाग और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल के कुछ और भागों, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ भागों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।




साइन इन