मौत के कुएं में फंसा गया नन्हा हाथी, ऐसे बचाई गई जान… देखिए रेस्क्यू VIDEO
ये पूरी घटना थाना बुंडू वन रेंज के सारेयाद गांव की है। कुएं में हाथी का बच्चा गिरने की खबर मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब 6 घंटे की मशक्कत के बाद हाथी के बच्चे को बचा लिया गया।

इंसानों के इस्तेमाल के लिए बनाए गए ढांचे अक्सर बेजुबान जानवरों के लिए मुश्किल का सबब बन जाते हैं। झारखंड के सोनाहातू से ऐसा ही मामला सामने आया। यहां एक कुएं में हाथी का बच्चा गिर गया। गांव वालों को जानकारी मिली, तो दया के भाव से भरे ग्रामीण दौड़ते-भागते आए और इसकी सूचना वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को दी।
ऐसे निकाला गया हाथी
ये पूरी घटना थाना बुंडू वन रेंज के सारेयाद गांव की है। कुएं में हाथी का बच्चा गिरने की खबर मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। जेसीबी मशीन मंगवाकर कुएं के समानांतर रास्ता बनाया गया। इस दौरान ग्रामीणों की मदद से कुएं में पंप सेट से पानी भी भरा गया, ताकि हाथी को बाहर निकलने में सहूलियत मिल सके।
छह घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हाथी के बच्चे को आसानी से नहीं निकाला जा सका। इसके लिए करीब छह घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। तब जाकर हाथी को बाहर निकलने का रास्ता मिला। जैसे ही उसे बाहर आने का समझ आया, वह उछलते-कूदते हुए कुएं से बाहर निकल आया और पास के जंगल की ओर भाग गया।
कुआं मालिक को मिला 1 लाख मुआवजा
रेस्क्यू के दौरान कुआं खोदने को लेकर कुआं मालिक खिरोधर महतो ने आपत्ति जताई। उनका कहना था कि इससे कुआं धंस सकता है और उन्हें भारी नुकसान होगा। बाद में ग्रामीणों और अधिकारियों से बातचीत के बाद उन्हें एक लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनी। मामले में प्रभारी वनपाल सिप्रियन टुटी ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल हाथी का रेस्क्यू शुरू किया गया। कुआं मालिक को मुआवजा देकर सुरक्षित तरीके से हाथी को बाहर निकाला गया।




साइन इन