झारखंड के 14 जिलों में 4 अप्रैल से होगी बारिश, ओलावृष्टि के भी आसार, जानिए डेट
Jharkhand Weather: बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इससे खड़ी फसलों को नुकसान हो सकता है।

Jharkhand Weather: झारखंड के 14 जिलों में चार अप्रैल से गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी देते हुए बताया- चार और पांच अप्रैल को कुछ जिलों में ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। इसमें कहा गया है, "झारखंड के उत्तर-पश्चिमी और मध्य भागों में चार और पांच अप्रैल को गरज, बिजली, ओलावृष्टि और 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।"
इन इलाकों में जारी हुआ अलर्ट
विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा कि तूफान से प्रभावित होने वाले जिले गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, रांची, खूंटी, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो और गुमला हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं से खड़ी फसलों को नुकसान हो सकता है। हालांकि, बुलेटिन में कहा गया है कि राज्य के उत्तरपूर्वी और दक्षिणपूर्वी हिस्सों में दो से चार अप्रैल तक गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है।
कहां कितना दर्ज हुआ तापमान
बुधवार शाम 5:30 बजे तक राज्य में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। राज्य में सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद जमशेदपुर में 37.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। बुलेटिन में बताया गया है कि डाल्टनगंज में 36.8 डिग्री सेल्सियस और रांची में 34.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
2-3 अप्रैल को बारिश का था अनुमान
बीते दिनों जारी की गई एडवायजरी में 2 और 3 अप्रैल को झारखंड के दक्षिणी और मध्य जिलों में हल्की बारिश के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और बिजली कड़कने का अनुमान लगाया गया था। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया था, "आसमान में तीन अप्रैल तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। मंगलवार को उत्तर-पूर्वी जिलों में ओलावृष्टि के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। बुधवार को मौसम शुष्क रहेगा।"
उन्होंने कहा था, "अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना है। इसके बाद अगले 24 घंटों में इसमें दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी।"
एजेंसी के इनपुट भी शामिल हैं।




साइन इन