अब झारखंड के कोडरमा में सरस्वती मूर्ति विसर्जन के दौरान बवाल; मारपीट, कई घायल
झारखंड के कोडरमा में सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान दो गुटों में जमकर मारपीट हुई जिसमें करीब 20 लोग घायल हो गए। विवाद तब शुरू हुआ जब कुछ युवकों ने विसर्जन में शामिल महिलाओं का वीडियो बनाया।

झारखंड के हजारीबाग के बाद अब कोडरमा में सरस्वती पूजा प्रतिमा विसर्जन के दौरान भारी बवाल की खबर है। कोडरमा जिले के चिगलाबर गांव में सरस्वती पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान दो गुटों में जमकर मारपीट हुई जिसमें करीब 15 से 20 लोग घायल हो गए। घटना शनिवार रात की है जब विसर्जन के लिए जा रही महिलाओं का कुछ युवकों ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया। महिलाओं द्वारा विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और बात मारपीट तक पहुंच गई।
मूर्ति विसर्जन के दौरान बवाल
कोडरमा गांव के निवासी सुरेंद्र दास की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोग कई वर्षों से मिल-जुलकर सरस्वती पूजा मनाते आ रहे हैं और पूजा स्थल से करीब 100 मीटर दूर मूर्ति का विसर्जन करते हैं। शनिवार की रात को भी गांव के महिला और पुरुष नाचते-गाते हुए मूर्ति विसर्जन के लिए जा रहे थे।
महिलाओं का वीडियो बनाने पर विवाद
इसी दौरान गांव के कुछ युवकों ने महिलाओं का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। जब महिलाओं ने इसका विरोध किया तो पहले उनके बीच बहस हुई और फिर विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते यह विवाद मारपीट में तब्दील हो गया। सूचना मिलने पर कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा।
केस दर्ज, ऐक्शन की मांग
रविवार को पीड़ितों और उनके परिवारों ने थाने पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। इस मामले में कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
हजारीबाग में भी हुआ था बवाल
बता दें कि झारखंड के हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र के बेलतू गांव में भी शनिवार की रात सरस्वती प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान पत्थरबाजी हुई थी। घटना में दोनों गुटों से करीब आठ लोग घायल हुए थे। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। गांव में लगातार गश्त की जा रही है। एहतियात के तौर पर प्रशासन की ओर से इलाके में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। बेलतू गांव और बेलतू चौक पर सन्नाटा पसरा हुआ है।




साइन इन