दहशत थी जहां अब वहां अमन की बयार, बस्तर के 41 गांवों में पहली बार लहराएगा तिरंगा
छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में जहां कभी नक्सलियों की दहशत हुआ करती थी अब उन इलाकों में अमन की बयार बह रही है। बस्तर रीजन के 41 गांवों में इस साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर पहली बार तिरंगा फहराया जाएगा।

छत्तीसगढ़ का बस्तर क्षेत्र जिसे कभी नक्सलियों का गढ़ माना जाता था अब पूरे रीजन में बदलाव की बयार बह चली है। इस साल बस्तर रीजन के 41 गांवों में इस साल गणतंत्र दिवस पर पहली बार तिरंगा फहराया जाएगा जो लाल आतंक पर जीत और विकास का बड़ा संकेत है। बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सुंदरराज पी. ने बताया कि इन 41 गांवों में से 13 बीजापुर, 18 नारायणपुर और 10 सुकमा जिले में स्थित हैं।
41 गांवों में पहली बार फहराया जाएगा तिरंगा
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि इस साल बस्तर रीजन में नक्सलियों के प्रभाव से मुक्त हुए 41 गांवों में पहली बार गणतंत्र दिवस पर तिरंगा फहराया जाएगा। यह कदम लाल आतंक के खिलाफ लड़ाई में मिली बड़ी विजय को दिखाता है। यह इस क्षेत्र में अमन और विकास की नई शुरुआत का प्रतीक है। इन गांवों में से 18 नारायणपुर में, 13 बीजापुर में और 10 सुकमा जिले में स्थित हैं।
दशकों से राष्ट्रीय कार्यक्रमों से दूर थे ये गांव
पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि बस्तर संभाग के 41 गांवों में पहली बार 76वां गणतंत्र दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया जाएगा। ये गांव कई दशकों से ऐसे राष्ट्रीय कार्यक्रमों से दूर थे लेकिन अब वे देश की लोकतांत्रिक और संवैधानिक परंपराओं से जुड़ रहे हैं। पिछले कुछ महीनों में इन इलाकों में सुरक्षा कैंप स्थापित होने से स्थानीय लोगों के मन में प्रशासन के प्रति विश्वास और अपनेपन की भावना पैदा हुई है।
दहशत की जगह अमन और विकास की बयार
सुंदरराज पी. ने कहा कि सुरक्षा बलों की मेहनत और स्थानीय लोगों की मदद से इलाके में बड़ा सकारात्मक बदलाव आया है। पिछले साल जिन 13 गांवों ने पहली बार स्वतंत्रता दिवस मनाया था अब उन गांवों सहित कुल 54 गांवों में गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। आईजी ने यह भी बताया कि अबूझमाड़ जैसे इलाकों में बड़े नक्सलियों के खात्मे से लाल आतंक का प्रभाव काफी कम हो गया है। अब क्षेत्र में दहशत की जगह अमन और विकास की बयार बह रही है।
छत्तीसगढ़ में इन जगहों पर कार्यक्रम
सुंदरराज पी. ने कहा कि सुरक्षा कैंप नियाद नेल्लनार योजना के जरिए आदिवासियों तक सरकारी सुविधाएं पहुंचाना सुनिश्चित कर रहे हैं। वहीं एक अन्य अधिकारी ने बताया कि 76वें गणतंत्र दिवस पर पर राज्यपाल रामेन डेका रायपुर के पुलिस परेड मैदान में झंडा फहराएंगे और गार्ड ऑफ ऑनर लेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बिलासपुर जिले में तिरंगा फहराएंगे जबकि उपमुख्यमंत्री अरुण साव बस्तर और विजय शर्मा सरगुजा जिले के कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन