सोशल मीडिया पर साले से बात करने से भड़का भाई, 13 साल की बहन का किया मर्डर; पिता संग ठिकाने लगाई लाश
झारखंड के रांची जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां सोशल मीडिया पर कॉन्टेक्ट रखने से नाराज भाई ने अपनी 13 साल की बहन की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी।

झारखंड के रांची जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां सोशल मीडिया पर कॉन्टेक्ट रखने से नाराज भाई ने अपनी 13 साल की बहन की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक और उसके पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
अंतिम संस्कार की रस्मों से हुआ खुलासा
घटना रांची के रातू थाना क्षेत्र के झाखरटांड़ गांव की है। पुलिस के मुताबिक, वारदात 13 मार्च को हुई, लेकिन इसका खुलासा 2 अप्रैल को तब हुआ जब गांव में मृतक के घर पर अंतिम संस्कार से जुड़े कुछ रस्में होते देख ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
साले से बातचीत करने पर नाराज था भाई
झारखंड पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में 29 वर्षीय राहुल और उसके पिता सुभोध पाठक शामिल हैं। पूछताछ में पिता ने बताया कि लड़की सोशल मीडिया के जरिए राहुल के साले के संपर्क में थी, जिससे आरोपी नाराज था। पुलिस के अनुसार, 13 मार्च को भाई-बहन के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि मामला हाथ से निकल गया और फिर गुस्से से तमतमाए राहुल ने अपनी बहन का गला दबाकर हत्या कर दी।
बिहार के गया में लाश को लगाया ठिकाने
घटना के बाद पिता ने एक परिचित डॉक्टर को बुलाया, जिसने लड़की को मृत घोषित कर दिया और शव का अंतिम संस्कार करने की सलाह दी। इसके बाद आरोपियों ने एंबुलेंस की मदद से शव को बिहार के गया ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया, ताकि मामले को छिपाया जा सके। पुलिस ने एंबुलेंस ड्राइवर का बयान दर्ज कर लिया है और संबंधित डॉक्टर की तलाश में छापेमारी कर रही है।
गोद ली थी बच्ची, जब थी 5 साल की
जांच में यह भी सामने आया है कि सुभोध पाठक ने इस लड़की को बिहार के औरंगाबाद जिले से तब गोद लिया था, जब वह करीब 5 साल की थी। बताया जा रहा है कि उनकी सगी बेटी घर से भाग गई थी, जिसके बाद इसे गोद लिया गया था। हालांकि, राहुल शुरू से ही अपनी गोद ली हुई बहन को पसंद नहीं करता था और उसके साथ भेदभाव करता था।
पुलिस ने पीड़िता के बायोलॉजिकल फादर से भी संपर्क किया है, जिन्होंने बताया कि पत्नी की मौत और खुद के दिव्यांग होने के कारण उन्होंने बेटी को पालन-पोषण के लिए सुभोध पाठक को सौंप दिया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार डॉक्टर की तलाश जारी है।




साइन इन