7 बदमाशों ने गोलीबारी करके लूटे 1 करोड़ के गहने, मां के साथ घर लौट रहा था कारोबारी
Jharkhand Ghumla robbery: ये घटना जिला के घाघरा में थाने के नजदीक हुई है।यहां एक जेवर व्यवसायी से सोमवार की शाम सात बजे बदमाशों ने एक करोड़ के जेवर और 70 हजार नकद लूट लिए। वहीं दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की।

Jharkhand Ghumla robbery: क्या चोरों-बदमाशों के अंदर पुलिस का खौफ खत्म हो गया है? ये हम इसलिए पूछ रहे हैं, क्योंकि झारखंड के गुमला जिले में थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर बदमाशों ने 1 करोड़ रुपये के गहनों को लूट लिया। ये घटना जिला के घाघरा में थाने के नजदीक हुई है।यहां एक जेवर व्यवसायी से सोमवार की शाम सात बजे बदमाशों ने एक करोड़ के जेवर और 70 हजार नकद लूट लिए। वहीं दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस छानबीन में जुटी है।
मां के साथ घर लौट रहे कारोबारी को बदमाशों ने घेरा
जानकारी के अनुसार, सर्राफा व्यवसायी शशांक सोनी रोज की तरह शाम में दुकान बंद कर अपनी मां के साथ स्कूटी से पुटो रोड स्थित अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक बाइक सवार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे शशांक गिर पड़े। इसके तुरंत बाद पीछे से तीन बाइक पर सवार छह अपराधी पहुंचे और उन्हें घेर लिया।
फायरिंग के खौफ में लूट ले गए 1 करोड़ के जेवर
बदमाशों ने डराने के लिए हवाई फायरिंग भी की। इसके बाद उन्होंने व्यवसायी की स्कूटी की चाबी निकाल ली और डिक्की में रखे करीब एक करोड़ मूल्य के गहने और नकद 70 हजार लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव दलबल के साथ वहां पहुंचे और जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने कहा कि जांच चल रही है, अपराधी जल्द गिरफ्त में होंगे।
गुमला में ही ठेकेदार से मांगी गई लेवी
गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र से एक और घटना सामने आई है। यहां के रुकी से बिमरला सड़क निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार से लेवी मांगने का मामला सामने आया। सड़क का निर्माण विकास कंस्ट्रक्शन के संचालक विकास कुमार को एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को राहुल सिंह गिरोह से जुड़ा बताते हुए लेवी की मांग की।
फोन (+351961904586) नंबर से आया,जो पुर्तगाल का बताया जा रहा है। कॉल करने वाले ने नाम बताए बिना ठेकेदार के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और रकम नहीं देने पर काम बंद कराने की धमकी दी। ठेकेदार द्वारा फोन काट देने के बाद उसके नंबर पर एक वीडियो क्लिप भी भेजा गया। यह वीडियो हाल ही में पलामू में राहुल सिंह गिरोह के चार अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस का बताया जा रहा है, जिसमें गिरफ्तार अपराधियों ने आपराधिक घटनाओं का जिक्र किया है।
इस वीडियो के माध्यम से ठेकेदार को डराने का प्रयास किया गया। घाघरा थाना प्रभारी ने बताया कि उन्हें इस तरह की किसी घटना की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। और न ही किसी ठेकेदार द्वारा कोई सूचना दी गई है। हालांकि इस मामले में अब तक घाघरा थाना में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।




साइन इन