झारखंड के इन 9 जिलों में होगी झमाझम बारिश, 60 की रफ्तार से तूफानी हवाएं भी चलेंगी; IMD का अलर्ट
झारखंड का मौसम बुधवार को पूरी तरह बदल गया। रांची समेत करीब 14 जिलों में झमाझम बारिश हुई। इस दौरान तेज हवाओं और बारिश के कारण तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिली है। मौसम विभाग ने 9 जिलों में फिर बारिश और तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

Jharkhand Mausam: झारखंड के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रांची और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार शाम को आंधी के साथ हुई बारिश और ठंडी हवाओं ने लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत दी। इस मौसमी बदलाव के चलते तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शाम में जहां पारा 28 डिग्री के पास रहा, वहीं रात 8 बजे यह गिरकर 22 डिग्री तक पहुंच गया। बुधवार को मुख्य रूप से बिरसा चौक, हिनू और डोरंडा क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। आइए जानते हैं अगले तीन दिन तक पूरे झारखंड का मौसम कैसा रहेगा।
रांची में गुरुवार से अगले तीन दिन तक गरज के साथ बारिश और 50 से 60 किमी प्रतिघंटे की गति से हवा चलने और कुछ जगह ठनका की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले चार दिनों के दौरान तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की कमी आ सकती है। इस दौरान रांची का अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
राज्य के नौ जिलों में देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज, बोकारो, धनबाद और गिरिडीह में 11 से 14 जून तक कहीं-कहीं भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। गुरुवार से शनिवार तक राज्य के संताल के सभी जिलों समेत बोकारो, गिरिडीह, कोडरमा, हजारीबाग, धनबाद, रांची, रामगढ़, खूंटी में आंधी व गरज के साथ कहीं-कहीं वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटा रह सकती है। शेष जिलों में यह रफ्तार 40 से 50 किमी होगी।
क्या बोले मौसम वैज्ञानिक
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राज्य के अधिकांश जगहों पर लगातार तीन दिन बारिश होने की स्थिति में मानसून प्रवेश के लिए अनुकूल होगा। इस बार भी संताल से होकर मानसून प्रवेश करने की संभावना बन रही है। उनके मुताबिक मानसून अगले तीन से चार दिनों में महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ क्षेत्रों में प्रवेश करने की संभावना है। रांची के मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची समेत राज्य के संताल परगना समेत कई जिलों में आंधी व गरज के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया गया है। इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी है। 11 से 14 जून तक बारिश होने की संभावना व्यक्त की गयी है।




साइन इन