रांची में भारी उमस के बाद जमकर बरसे बदरा, झारखंड के 14 जिलों में था ऑरेंज अलर्ट
Jharkhand Mausam Update: झारखंड की राजधानी रांची को भीषण गर्मी से राहत मिली है। भारी उमस के बाद आज 10 जून को जोरदार बारिश हुई। इसके बाद लोगों ने राहत भरी सांस ली। मौसम विभाग ने राज्य के 14 जिलों में बारिश-आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था।

Jharkhand Mausam Update: झारखंड की राजधानी रांची को भीषण गर्मी से राहत मिली है। भारी उमस के बाद आज 10 जून को जोरदार बारिश हुई। इसके बाद लोगों ने राहत भरी सांस ली। मौसम विभाग ने झारखंड के 14 जिलों में दो दिन के लिए आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। इसके साथ ही साथ मॉनसून प्रवेश के लिए अनुकूल स्थितियों के होने की भी बात कही गई है।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि मौजूदा परिस्थितियों के अनुसार अगले 4-5 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के शेष भाग और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल के कुछ और भागों, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ भागों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
50-60 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, दोनों दिन राज्य में संताल के सभी छह जिलों समेत धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, रांची और खूंटी में 50 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। शेष झारखंड में हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रतिघंटा रहने का अनुमान है। राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान कई जगहों पर बारिश हुई।
सुबह में छाए बादल दोपहर में धूप से उमस
पिछले 24 घंटे के दौरान रांची समेत कई जिलों का मौसम गर्म रहा। सुबह में उमस की गर्मी काफी बढ़ गयी है। रांची का न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री दर्ज किया गया। यहां सुबह में बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर में तेज धूप से उमस की गर्मी बढ़ गयी है। न्यूनतम पारा में पिछले 24 घंटे के दौरान इसमें तीन डिग्री की वृद्धि हुई। यहां का अधिकतम पारा 35.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है।
पलामू का पारा 41 पार कई जिलों में बारिश भी
पलामू का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार 41.4 डिग्री दर्ज किया गया। यहां का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के करीब 29.6 डिग्री दर्ज किया गया। जमशेदपुर, चाईबासा आदि शहरों का न्यूनतम तापमान भी 28 से 29 डिग्री तक रहा। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार से लेकर पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों तक एक निम्न दबाव का ट्रफ है। यूपी के पूर्वी हिस्से पर एक साईक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है।




साइन इन