भीषण गर्मी को लेकर प्रशासन सतर्क, लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी
हजारीबाग जिला प्रशासन ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है। उपायुक्त ने लोगों से सतर्क रहने और धूप में बाहर न निकलने की अपील की है। हल्के कपड़े पहनने, पानी पीने और लू के लक्षणों की जानकारी भी दी गई है। स्थिति में सुधार न होने पर स्वास्थ्य केंद्र जाने की सलाह दी गई है।

हजारीबाग जिला प्रतिनिधि। जिले में लगातार बढ़ते तापमान और पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम नागरिकों के लिए लू से बचाव को लेकर शनिवार को एडवाइजरी जारी किया है। उपायुक्त हेमन्त सती ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और गर्मी के दौरान आवश्यक सावधानी बरते। प्रशासन के जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि जहां तक संभव हो, लोग कड़ी धूप में बाहर निकलने से बचें। विशेषकर दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकले। यदि बाहर जाना जरूरी हो, तो सिर को गमछा, टोपी या छाता से बचाव करे।
हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहननें तथा धूप में चश्मा का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है। लोगों को अधिक से अधिक पानी पीने और यात्रा के दौरान पानी साथ रखने को कहा गया है। खाली पेट बाहर न निकलने और नंगे पांव धूप में न चलने की हिदायत दी गई है। बाहर काम करने वाले श्रमिकों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। जिसमें गीले कपड़े, टोपी और छाते का उपयोग शामिल है। प्रशासन ने यह भी कहा है कि अधिक तापमान में कठिन शारीरिक कार्य करने से बचना चाहिए। खान-पान को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। लोगों को हल्का भोजन करने और तरबूज, खीरा, संतरा जैसे पानी से भरपूर फलों का सेवन करने की सलाह दी गई है। अधिक प्रोटीन युक्त भोजन से परहेज करने को कहा गया है। लस्सी, छाछ, नींबू पानी, नमक-चीनी का घोल और आम का पन्ना जैसे पेय पदार्थ लेने की सलाह दी गई है। एडवाइजरी में लू के लक्षणों की भी जानकारी दी गई है, जिसमें शरीर का अत्यधिक गर्म और शुष्क होना, सिरदर्द, चक्कर आना, उल्टी और बेहोशी शामिल हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत सतर्क होने की जरूरत बताई गई है। लू लगने पर प्राथमिक उपचार के तौर पर प्रभावित व्यक्ति को छांव में लिटाने, तंग कपड़े ढीले करने और ठंडे पानी या गीले कपड़े से शरीर को ठंडा करने की सलाह दी गई है। साथ ही ओआरएस या नमक-चीनी का घोल देने को कहा गया है। यदि एक घंटे के भीतर स्थिति में सुधार नहीं हो, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन दिशा-निर्देशों का पालन कर स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रखें, ताकि भीषण गर्मी के इस दौर में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन