गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा सारंडा, सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़; जवान को लगी गोली
पश्चिम सिंहभूम के सारंडा जंगल में एक बार फिर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई है। बुधवार सुबह सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस और नक्सली आमने-सामने आ गए, जिसके बाद दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग जारी है। एक जवान को गोली लगी है।

पश्चिम सिंहभूम के सारंडा जंगल में एक बार फिर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई है। बुधवार सुबह सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस और नक्सली आमने-सामने आ गए, जिसके बाद दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग जारी है।
खबर है कि यह मुठभेड़ एक करोड़ के इनामी माओवादी नेता मिसिर बेसरा के दस्ते के साथ हो रही है। सुरक्षाबलों को सूचना थी कि नक्सली संगठन इस इलाके में सक्रिय हैं और लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं। इसी आधार पर सीआरपीएफ कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी।मुठभेड़ के दौरान एक जवान को गोली लगने की सूचना है, जिसे एयरलिफ्ट कर रांची ले जाने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, अबतक पुष्टि नहीं हुई है।
घायल जवान को किया जा रहा एयरलिफ्ट
इस एनकाउंटर में एक जवान घायल हैं। घायल जवान का नाम जीतेन्द्र कुमार राय है और वह कोबरा 205 बटालियन का जवान है। उसके पैर में गोली लगने की सूचना है। उसे रांची एयरलिफ्ट किया जा रहा है।
अचानक शुरू हुई फायरिंग
सुरक्षाबल के जवानों से घिरता देख नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। दोनों ओर से हो रही गोलीबारी से जंगल क्षेत्र के गांवों में दहशत का माहौल है। सूत्रों की माने तो मुठभेड़ में एक दो नक्सली मारे गए हैं, पर अबतक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। जिले के एसपी अमित रेणू ने बताया कि कोबरा जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। नक्सलियों की ओर से रुक रुककर फायरिंग की जा रही है, जिसका सुरक्षा बल के जवान जवाब दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और ऑपरेशन खत्म होने के बाद ही विस्तृत जानकारी सामने आ पाएगी। फिलहाल, पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
बता दें कि पिछले कुछ महीनों में छत्तीसगढ़ और झारखंड में कई नक्सलियों को एनकाउंटर में ढर कर दिया गया। इस दौरान कई नक्सलियों ने सरेंडर भी किया है। मार्च में नक्सलवाद को खत्म करने का टार्गेट हद तक पूरा हुआ है, लेकिन पूरी तरह नहीं खत्म हुआ है।




साइन इन