झारखंड में डबल मर्डर; बेटे ने पिता और पत्नी को कुल्हाड़ी से काटा, बेटी की हालत गंभीर
झारखंड में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई है। एक बेटे ने कुल्हाड़ी से अपने पिता और पत्नी को काट डाला। जानलेवा हमले में तीन साल की मासूम बेटी भी गंभीर रूप से घायल हो गई। हमले की वजह स्पष्ट नहीं है।

झारखंड में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां लोहरदगा जिले में सोमवार सुबह मामूली झगड़े के बाद 35 वर्षीय बेटे ने कथित तौर पर अपने बुजुर्ग पिता की हत्या कर दी। इसके बाद कुल्हाड़ी से पत्नी को भी काट डाला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दोहरे हत्याकांड की वजह पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि वह आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं। पड़ोसियों के अनुसार, अक्सर घर में झगड़े होते रहते थे, लेकिन उन्हें इतनी बड़ी वारदात का अंदाजा नहीं था। पड़ोस में भय का माहौल है।
डबल मर्डर की यह सनसनीखेज वारदात भंडरा थाना क्षेत्र के सेंगरा टोली गांव में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने अपने 60 वर्षीय पिता सुरेंद्र उरांव और 27 वर्षीय पत्नी सुजिता उरांव पर हमला कर दिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
हमले में तीन साल की बेटी भी जख्मी
लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सादिक अनवर रिजवी ने बताया, आरोपी संदीप को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसका परिवार के सदस्यों संग विवाद था। सोमवार सुबह कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि उसने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से पिता और पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
हत्याकांड की क्या वजह
उन्होंने बताया कि हमले के दौरान आरोपी की तीन वर्षीय बेटी भी घायल हो गई, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। अधिकारी ने कहा कि वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी को घटनास्थल से बरामद कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है। हत्याकांड की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस अभी वारदात को पारिवारिक विवाद बता रही है।
पड़ोस में भय का माहौल
उधर, वारदात के बाद से इलाके में सनसनी है। आस-पड़ोस के लोग घटना को लेकर काफी भयभीत हैं। लोग बता रहे हैं कि आए दिन घर से झगड़े की आवाजें तो आती थी, लेकिन संदीप इतना बड़ा कदम उठा लेगा, इसकी किसी को उम्मीद नहीं थी।




साइन इन