मनरेगा कर्मचारी संघ ने विधायक मथुरा महतो को दिया ज्ञापन
झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ ने टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो को चार लंबित मांगों का ज्ञापन सौंपा। उन्होंने 2007 के सेवा शर्त नियमावली में संशोधन, स्थाई समायोजन नीति और दिवंगत कर्मियों के आश्रितों को नौकरी और मुआवजे की मांग की। कर्मी 12 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, लेकिन सरकार ने अभी तक कोई समाधान नहीं निकाला।

सिजुआ, प्रतिनिधि। झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ धनबाद जिला के एक प्रतिनिधि मंडल गुरुवार को टाटा सिजुआ छह नंबर स्थित आवासीय कार्यालय में टुंडी विधायक सह मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो को चार लंबित मांगों से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा। मनरेगा कर्मियों ने मांग की है कि मनरेगा सेवा शर्त नियमावली 2007 में संशोधन कर ग्रेड पे के साथ स्थाई समायोजन नीति बनाकर मनरेगा कर्मियों को समायोजित की जाए। ये समायोजन ग्रामीण विकास विभाग या पंचायती राज विभाग में हो। राज्य में दिवंगत मनरेगा कर्मी के आश्रितों को अनुकंपा पर नौकरी व उचित मुआवजा दिया जाए। कहा कि कर्मी वर्ष 2007 से मनरेगा योजना के साथ राज्य सरकार के अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं में अपना सेवा देते आ रहे हैं।
इसके एवज में सरकार द्वारा एक अल्प मानदेय के अलावे कुछ नहीं देती है। कर्मचारी संघ अपने चार लंबित मांगों के पूर्ति के लिये सरकार से लगातार पत्राचार, आंदोलन, धरना, हड़ताल आदि करते आ रहे हैं। लेकिन उन्हे सिर्फ आश्वासन मिल रहा है। बीते 12 मार्च से मनरेगा कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है, लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि सरकार अभी तक समाधान की दिशा में कोई पहल नहीं कर रही है। मनरेगा कर्मियों द्वारा दिये गये ज्ञापन पर विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखकर समायोजन व नियोजन की अनुशंसा की। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष सह प्रदेश सचिव यासीन अंसारी, बीपीओ दीपक रवानी, सचिव दीपक गुप्ता, संतोष कुमार, कलीमुद्दीन अंसारी, मुरारी प्रसाद तिवारी, आनंद प्रसाद, शंकर मोहली, बुधन रजक, सुधीर रजवार, संजीव कुमार आदि उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन