झारखंड के अवैध निर्माण को लेकर CM सोरेन सख्त, दे दी बुलडोजर ऐक्शन की इजाजत
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों से कहा कि शहरों से गुजरने वाली सभी नदियों, तालाबों, डैमों, नालियों अथवा अन्य जलस्रोतों पर बनी अवैध संरचना और एवं अन्य निर्माण कार्यों को तत्काल बंद कराएं। इन स्थलों पर अतिक्रमण कर जो घर बनाएं गएं हैं, उनका सर्वे कराकर अवैध संरचनाओं को हटवाएं।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों से कहा कि शहरों से गुजरने वाली सभी नदियों, तालाबों, डैमों, नालियों अथवा अन्य जलस्रोतों पर बनी अवैध संरचना और एवं अन्य निर्माण कार्यों को तत्काल बंद कराएं। इन स्थलों पर अतिक्रमण कर जो घर बनाएं गएं हैं, उनका सर्वे कराकर अवैध संरचनाओं को हटवाएं। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को नगर विकास एवं आवास विभाग की अद्यतन कार्य प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा कर रहे थे।
सीएम ने सभी शहरी निकायों में अवस्थित नदी के साथ अन्य जलस्रोतों में हुए अवैध निर्माण को चिन्हित करते हुए लिखित नोटिस करने और अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जलस्रोतों पर अतिक्रमण कर घर बनाना पर्यावरण और जल निकासी के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि अवैध अतिक्रमण कर संरचना तैयार नहीं करें।
सीएम सोरेन ने ऑनलाइन किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने समीक्षा के दौरान ऑनलाइन माध्यम से राज्य के राजमहल, साहिबगंज एवं धनबाद जिलों से जुड़कर वहां अवस्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट को लेकर बातचीत की तथा उसकी संरचनाओं का अवलोकन कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
कांके डैम संरक्षण के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाएं
सीएम ने रांची में अवस्थित कांके डैम के संरक्षण के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाते हुए कार्य योजना तैयार करने का निर्देश अधिकारियों को दिया। उन्होंने डैम एरिया में सीधे गिरने वाले नालों को तत्काल बंद कराने, डैम के कैचमेंट एरिया की शीघ्र मापी कराकर, उसकी घेराबंदी कराने का निर्देश दिया, ताकि डैम का पानी स्वच्छ, सुरक्षित एवं संरक्षित बना रहे। उन्होंने कहा कि आसपास के लोगों को भी जागरूक करते हुए, यह सुनिश्चित करें कि वे घरों से निकलने वाले गंदे पानी को डैम में नहीं जाने दें। मुख्यमंत्री ने शहरों में बसे शत-प्रतिशत घरों में पाइपलाईन के माध्यम से शुद्ध पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश भी दिया।
योजनाओं का लाभ जनता तक समय पर पहुंचाएं
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि विभाग की योजनाओं का लाभ आमलोगों को समय पर मिले। नगर विकास एवं आवास विभाग का उद्देश्य सड़क निर्माण, आधारभूत संरचनाओं एवं भवनों का निर्माण के साथ-साथ आम जनता के जीवन स्तर को ऊंचा उठाना है। ऐसे में योजनाओं का ससमय कार्यान्वयन करें। मुख्यमंत्री ने स्मार्ट सिटी परियोजना, नगर निगम अंतर्गत आधारभूत संरचना, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, पेयजल आपूर्ति, यातायात प्रबंधन और कूड़ा निस्तारण आदि नगरीय व्यवस्था को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।
डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम को अधिक सशक्त करें
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि नगर विकास एवं आवास विभाग की किसी भी परियोजना में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। सभी योजनाओं की समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम को और अधिक सशक्त करें। मुख्यमंत्री ने नगर विकास एवं आवास विभाग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं, आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण, नगर निकाय क्षेत्रों में साफ-सफाई/स्वच्छता, पेय जलापूर्ति तथा आवास योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने नगर निकाय क्षेत्रों में बरसात पूर्व जल जमाव की समस्या का स्थाई समाधान एवं स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरूस्त रखने का निर्देश दिए।




साइन इन