BJP Outraged by Statement of CM Hemant Soren on Saraswati and Lakshmi Puja हेमंत सोरेन के सरस्वती व लक्ष्मी पूजा पर दिए बयान से भड़की भाजपा, कहा- इतना दोगलापन क्यों मुख्यमंत्री जी, Jharkhand Hindi News - Hindustan
More

हेमंत सोरेन के सरस्वती व लक्ष्मी पूजा पर दिए बयान से भड़की भाजपा, कहा- इतना दोगलापन क्यों मुख्यमंत्री जी

सोरेन ने यह बात बुधवार को राज्य विधानसभा में बजट सत्र के अंतिम दिन सदन में बोलते हुए कही थी। जिसके बाद उनके इसी संबोधन का छोटा सा वीडियो अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर शेयर करते हुए भाजपा ने सोरेन की इन टिप्पणियों को सनातन पर हमला और भारत का अपमान बताया

Fri, 20 March 2026 11:34 PMSourabh Jain भाषा, रांची, झारखंड
share
हेमंत सोरेन के सरस्वती व लक्ष्मी पूजा पर दिए बयान से भड़की भाजपा, कहा- इतना दोगलापन क्यों मुख्यमंत्री जी

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा विधानसभा में सनातन धर्म और हिंदू देवी-देवताओं के बारे में की गई कथित टिप्पणियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को उन पर निशाना साधा और उन पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। अपनी पार्टी के सोशल मीडिया हैंडल के जरिए भाजपा ने आरोप लगाया कि सोरेन और विपक्षी INDIA गठबंधन के अन्य नेताओं के लिए हिंदू देवी-देवताओं का मजाक उड़ाना और उनकी संस्कृति का उपहास करना एक 'फैशन' बन गया है।

भाजपा की यह नाराजगी सीएम सोरेन के उस वीडियो को लेकर आई है, जिसमें सोरेन को यह कहते हुए सुना गया, 'कभी-कभी जब मैं ऐसी बातें सुनता हूं, तो मुझे हंसी भी आती है। हम उन लोगों में से हैं, जहां सबसे अधिक सरस्वती पूजा की जाती है, लेकिन फिर भी सबसे ज्यादा ब्रिलियंट (मेधावी/प्रतिभाशाली) बच्चे जापान में पैदा होते हैं। हम उन लोगों में से हैं, जो सबसे अधिक लक्ष्मी पूजा भी करते हैं, लेकिन फिर भी सबसे अधिक अमीर लोग अमेरिका में पैदा होते हैं। कहीं ना कहीं, कुछ तो गड़बड़ है। सबसे ज्यादा विश्वकर्मा पूजा भी हम लोग करते हैं, गली-मोहल्ले में तक करते हैं, लेकिन टैलेंट चीन में है। कहीं ना कहीं कुछ तो झोल है।'

बुधवार को बजट सत्र के अंतिम दिन कही थी बात

सोरेन ने यह बात बुधवार को राज्य विधानसभा में बजट सत्र के अंतिम दिन सदन में बोलते हुए कही थी। जिसके बाद उनके इसी संबोधन का छोटा सा वीडियो अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर शेयर करते हुए भाजपा ने सोरेन की इन टिप्पणियों को सनातन पर हमला और भारत का अपमान बताया। यहां तक कि इसके खिलाफ सभी जिलों में सड़कों पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन भी किया और मुख्यमंत्री के पुतले भी फूंके।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सबसे ज्यादा सरस्वती-लक्ष्मी की पूजा हम करते हैं,लेकिन...;विधानसभा में बोले सोरेन

'देवी-देवताओं का उपहास बनाना इनके लिए एक फैशन बना'

भाजपा ने सीएम के वीडियो के साथ 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘सनातन पर हमला भारत पर हमला है। वोट बैंक के लिए सनातनियों की आस्था और संस्कृति को निशाना बनाना हेमंत सोरेन और INDI गठबंधन की आदत बन चुकी है। देवी-देवताओं और पूजा-पद्धतियों का उपहास बनाना अब इनके लिए एक फैशन बन गया है। सनातन का अपमान करने वालों को देश की जनता एकबार फिर करारा जवाब देगी।’

'दूसरे समुदाय के त्योहार सीएम हाऊस में धूमधाम से मनाते हैं'

वहीं एक अन्य पोस्ट में भाजपा ने सीएम के रोजा इफ्तारी के आयोजन में शामिल होने पर सवाल उठाते हुए लिखा, ‘इतना दोगलापन क्यों हेमंत जी? सनातन विरोधी INDI गठबंधियों की बेशर्मी तो देखिए, खुद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ही सरेआम हिंदुओं की आस्था से खिलवाड़ करते हुए आपत्तिजनक बयानबाजी कर रहे हैं जबकि समुदाय विशेष के त्योहार सीएम आवास पर पूरी धूमधाम से मनाते हैं।’

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:CM सोरेन के खिलाफ बयान पड़े भारी, कांग्रेस ने पूर्व मंत्री पर ले लिया कठोर ऐक्शन

अन्नपूर्णा देवी ने भी देवी देवताओं के अपमान को बताया गलत

उधर इस मुद्दे को लेकर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री व कोडरमा से सांसद अन्नपूर्णा देवी ने भी सोरेन की आलोचना करते हुए कहा, 'सनातन देवी-देवताओं का अपमान करना बेहद निंदनीय है। 'इंडी' गठबंधन के नेता लगातार यह जताने की कोशिश कर रहे हैं कि हिंदू समुदाय सहिष्णु है और इसलिए उसकी भावनाओं को आसानी से ठेस पहुंच सकती है।' इस बारे में 'एक्स' पर शेयर की एक पोस्ट में उन्होंने कहा, ‘विधानसभा में मुख्यमंत्री द्वारा दिया गया बयान हमारी सनातन परंपराओं, संस्कृति और आस्था का स्पष्ट अपमान है।’

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:झारखंड में होगी तेज बारिश, 2 दिन चलेंगी तूफानी हवाएं; कब मिलेगी राहत