BJP issues show-cause notice to 18 leaders who rebelled in Jharkhand municipal elections झारखंड निकाय चुनाव में बागी हुए 18 नेताओं को भाजपा ने दिया शोकॉज नोटिस, 7 दिन में मांगा जवाब, Jharkhand Hindi News - Hindustan
More

झारखंड निकाय चुनाव में बागी हुए 18 नेताओं को भाजपा ने दिया शोकॉज नोटिस, 7 दिन में मांगा जवाब

पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, उपाध्यक्ष रेखा वर्मा व राष्ट्रीय मंत्री रितुराज सिन्हा तक को राज्य में बागियों को मनाने की जिम्मेदारी दी गई थी। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के स्तर से भी इस संबंध में कोशिशें की गईं।

Sun, 15 Feb 2026 08:50 AMSourabh Jain हिन्दुस्तान टीम, रांची, झारखंड
share
झारखंड निकाय चुनाव में बागी हुए 18 नेताओं को भाजपा ने दिया शोकॉज नोटिस, 7 दिन में मांगा जवाब

नगर निकाय चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ रहे व पार्टी समर्थित प्रत्याशियों का विरोध कर रहे 18 प्रदेश स्तरीय नेताओं को भाजपा प्रदेश स्तर से शोकॉज भेजा गया है। वहीं जिलों में भी वैसे लोगों को शोकॉज किया गया है, जो जिला कमेटी या मंडलों से जुड़े रहे हैं। इस मामले में पार्टी द्वारा इन नेताओं से सात दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है, संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर पार्टी संबंधित नेताओं पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगी। प्रदेश महामंत्री सह राज्यसभा सदस्य प्रदीप वर्मा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर ये नोटिस जारी किए गए हैं।

इन नेताओं को जारी किया गया है नोटिस

जिन पार्टी नेताओं को नोटिस जारी किया गया है, उनमें पूर्व विधायक व धनबाद से पार्टी समर्थित प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे संजीव सिंह, भृगुनाथ भगत, पूर्व महानगर अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, डाल्टेनगंज के पूर्व जिलाध्यक्ष परशुराम ओझा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य व गढ़वा के पूर्व जिलाध्यक्ष अलखनाथ पांडेय, मंगल सिंह, चास से मेयर चुनाव लड़ रही परिंदा सिंह, जमशेदपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव, देवघर के बाबा बलियासे, जामताड़ा के तरुण गुप्ता, सिमडेगा की फुलसुंदरी देवी, अनूप सुल्तानिया, ललिता पासवान, गिरिडीह के कामेश्वर पासवान समेत अन्य शामिल हैं।

केंद्रीय स्तर के नेताओं की कोशिशें असफल रहीं

भाजपा के द्वारा प्रत्येक नगर निकाय में पार्टी समर्थित प्रत्याशियों का चयन किया गया था। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, उपाध्यक्ष रेखा वर्मा व राष्ट्रीय मंत्री रितुराज सिन्हा तक को राज्य में बागियों को मनाने की जिम्मेदारी दी गई थी। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के स्तर से भी इस संबंध में कोशिशें की गईं। सिर्फ रांची में तीन बागियों को मनाया जा सका। लेकिन अधिकांश जगहों पर बागियों को मनाने की कवायद पूरी नहीं हो पाई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जमशेदपुर में रची विक्रम हत्याकांड की साजिश, इसी गिरोह ने डॉन अखिलेश को भी मारा
ये भी पढ़ें:मंईया सम्मान योजना; जिन महिलाओं को नहीं मिल रहा पैसा उनके लिए खुशखबरी
ये भी पढ़ें:झारखंड के 14 शहरी निकायों में महिलाओं के हाथ में जीत की चाबी! जानें क्या है वजह

धनबाद में संजीव सिंह समेत तीन को नोटिस

धनबाद नगर निगम क्षेत्र से मेयर पद के लिए चुनाव लड़ रहे पूर्व विधायक संजीव सिंह के साथ-साथ भाजपा कार्यकर्ता मुकेश पांडे एवं भृगुनाथ भगत को अलग-अलग नोटिस जारी किया गया है। जारी पत्र में लिखा गया है कि पार्टी के संज्ञान में आया है कि आप पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त हैं। यह अनुशासनहीनता है। मामले में एक सप्ताह के अंदर जवाब दें अन्यथा पार्टी अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगी। पत्र 12 फरवरी को जारी किया गया है। यानी मतदान की तिथि 23 फरवरी के पहले जवाब देना होगा।

पार्टी समर्थित प्रत्याशी का किया विरोध, खुद ठोंक रहे ताल

मालूम हो कि संजीव सिंह, मुकेश पांडे और भृगुनाथ भगत धनबाद से मेयर पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। तीनों भाजपा के सदस्य हैं। भाजपा ने धनबाद निगम क्षेत्र से मेयर पद के लिए प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजीव कुमार को पार्टी समर्थित प्रत्याशी घोषित किया है। इसके बाद भी तीनों ने नाम वापस लेने से इनकार करते हुए चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। वर्तमान में संजीव सिंह की पत्नी रागिनी सिंह झरिया से भाजपा की विधायक हैं। दो अन्य भाजपा पृष्ठभूमि नेता के भी मेयर पद का चुनाव लड़ रहे हैं, जिन्होंने पार्टी से त्यागपत्र दे दिया है।