झारखंड के इस जिले में 6700 लाभुक लापता, मंईयां सम्मान योजना के सत्यापन के दौरान खुलासा
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में मंईयां सम्मान योजना को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। सत्यापन के दौरान 6700 मंईयां लाभुक लापता पाए गए हैं।

पूर्वी सिंहभूम जिले में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के 6700 लाभुक अपने दिये पते पर नहीं रहते हैं। उन्हें सामाजिक सुरक्षा विभाग के भौतिक सत्यापन में लापता माना गया है। इस वजह से उनका भुगतान रोक दिया गया है। सत्यापन का करीब 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
वर्तमान में सामाजिक सुरक्षा विभाग ने मंईयां योजना के शॉफ्टवेयर में बदलाव किया है, जिससे वैसे लाभुक जो अर्हता पूरी नहीं करते, उनका भुगतान होल्ड कर दिया जाता है। भुगतान रोकने का काम प्रखंड स्तर पर ही किया जाता है। हालांकि इसकी सूचना जिला मुख्यालय को दे दी जाती है।
जिला प्रशासन के पास एक महीने का आवंटन
दूसरी ओर, जिले के दो लाख 86 हजार से अधिक मंईयां लाभुकों के खाते में सोमवार से 2500-2500 रुपए भेजे जाने की तैयारी है। विभागीय स्तर पर इसकी तैयारी कर ली गई है। पिछले सप्ताह से ही इसकी तैयारी की जा रही थी। यह अप्रैल महीने की राशि होगी। मई महीने का भुगतान भी विभागीय आदेश मिलने पर कर दिया जाएगा, जिला प्रशासन के पास और एक महीने का आवंटन उपलब्ध है।
पोर्टल खुलने पर होगी एंट्री
मंईयां योजना के लिए पूर्व में जो आवेदन जमा कराये गये हैं, उनके मामले में अभी तक विभाग से कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जब इसके लिए पोर्टल खोला जाएगा, तभी डाटा इंट्री हो सकेगी। इसकी वजह से नये आवेदकों में निराशा है। वे प्रखंड, अंचल कार्यालय और जिला मुख्यालय की दौड़ लगातार लगा रहीं हैं।




साइन इन