झारखंड में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक-कार की टक्कर में 4 की मौत
झारखंड के पलामू में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। चारों मेदिनीनगर के रहने वाले थे। इस दुर्घटना में एक शख्स बुरी तरह घायल हुआ है।

झारखंड के पलामू में दर्दनाक घटना सामने आई है। उत्तर प्रदेश के किछौछा शरीफ से वापस लौट रहे मेदिनीनगर के श्रद्धालुओं की एक कार को एक ट्रक ने भीषण टक्कर मार दी जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में एक गंभीर रूप से घायल भी हुआ है।
4 की मौत
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के देवगांव इलाके में हुई। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई। शनिवार सुबह 8 बजे घटना की खबर मिलते ही डालटनगंज में शोक की लहर दौड़ गई। एक जख्मी को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों में डालटनगंज छोटी मस्जिद के सामने स्थित किताब घर के संचालक हाफिज़ रज्जाक, जनता मेडिकल से जुड़े कैश, सब्जी मंडी के व्यवसायी शोहराब राईन और वाहन चालक शामिल हैं।
एक गंभीर रूप से घायल
इस घटना में चूड़ी कारोबारी अजमल जख्मी हैं। उनका इलाज चल रहा है। चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद से मृतकों के घर पर चीख पुकार मची हुई है। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। मृतकों के परिजनों को डेड बॉडी का इंतजार है। पोस्टमार्टम के बाद सभी शवों को घर लाया जाएगा। घटना की जानकारी मिलने पर डालटनगंज से बड़ी संख्या में मृतकों के रिश्तेदार और अन्य लोग मौके पर रवाना हो गए हैं।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
जानकारी के अनुसार एक कार से हाफिज़ रज्जाक, कैश, शोहराब राईन, अजमल और वाहन चालक शुक्रवार को बिहार के डेहरी में शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। शादी में शामिल होने के बाद सभी लोग वहां से निकलकर किछौछा शरीफ गए थे। रात 12:30 बजे लौट रहे थे। इसी क्रम में कोतवाली थाना क्षेत्र के देवगांव इलाके में उनकी कार को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य चलाया गया। सभी को वाहन से निकाला गया, लेकिन चार लोगों मृत पाया गया। एक जख्मी को इलाज के लिए भेजा गया। सभी की डेड बॉडी पोस्टमार्टम के लिए ले जाई गई है। शाम तक पोस्टमार्टम के बाद शव आने की संभावना है।




साइन इन