झारखंड की 2 राज्यसभा सीटों पर होगा चुनाव, इंडिया गठबंधन का दावा मजबूत; क्या है समीकरण
राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनावी बिगुल बजते ही राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने अपने-अपने स्तर पर रणनीतिक कवायद तेज कर दी है। कांग्रेस इंडिया गठबंधन के अंतर्गत एक सीट पर पूर्व में दावा कर चुकी है। ऐसे में राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनावी बिगुल बजते ही राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने अपने-अपने स्तर पर रणनीतिक कवायद तेज कर दी है। कांग्रेस इंडिया गठबंधन के अंतर्गत एक सीट पर पूर्व में दावा कर चुकी है। ऐसे में राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। 18 मई को मतदान होगा। राज्यसभा की जिन दो सीटों पर चुनाव होना है, उनमें एक सीट दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चार अगस्त 2025 को निधन के बाद रिक्त हुई थी, जबकि दूसरी सीट भाजपा नेता दीपक प्रकाश का कार्यकाल समाप्त होने के कारण खाली हो रही है। ऐसे में सत्तारूढ़ झामुमो-कांग्रेस गठबंधन और विपक्षी भाजपा दोनों की प्रतिष्ठा इन चुनावों से जुड़ गई है।
आंकड़ों में इंडिया गठबंधन मजबूत
81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए किसी उम्मीदवार को प्रथम वरीयता के कम से कम 27 वोटों की जरूरत होगी। मौजूदा दलीय स्थिति पर नजर डालें तो झामुमो के पास अकेले 34 विधायक हैं, जिससे एक सीट पर उसकी जीत लगभग तय मानी जा रही है। माना जा रहा है कि पार्टी किसी पुराने कार्यकर्ता को मौका दे सकती है। ऐसे में पार्टी की ओडिशा प्रभारी अंजनी सोरेन, झामुमो महासचिव विनोद कुमार पांडेय के नाम की चर्चा है। दूसरी सीट को लेकर असली मुकाबला होने की संभावना है। भाजपा के पास 21 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के 16, राजद के चार, भाकपा-माले के दो विधायक हैं। इसके अलावा आजसू, जदयू और लोजपा (रामविलास) के एक-एक विधायक हैं।
इंडिया गठबंधन का जीत का दावा
इंडिया गठबंधन विधानसभा में अपनी कुल संख्या 56 के आधार पर दोनों सीटों पर जीत का दावा कर रहा है। हकीकत में इंडिया गठबंधन के पास दोनों सीट के लिए जरूरी कुल 54 विधायक की तुलना में दो अधिक संख्या है। इंडिया गठबंधन में कांग्रेस ने प्रत्याशी दिया तो राज्यसभा सांसद धीरज साहू का नाम सामने आ सकता है। साहू की भेंट सीएम हेमंत सोरेन और कांग्रेस के आला नेताओं से हुई है। भाजपा की ओर से चर्चा में पूर्व राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी का नाम आ रहा है।




साइन इन