रांची में लाखों लोगों तक नहीं पहुंच रहा पानी, पाइपलाइन में कहां आई खराबी, कब तक दूरी होगी किल्लत?
रांची शहर की तीन से चार लाख की आबादी को होली के पहले से ही सामान्य जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। सोमवार को भी इन इलाकों में पेयजल संकट की स्थिति रही, जिससे लोगों को परेशानी हुई।

रांची शहर की तीन से चार लाख की आबादी को होली के पहले से ही सामान्य जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। सोमवार को भी इन इलाकों में पेयजल संकट की स्थिति रही, जिससे लोगों को परेशानी हुई। जानकारी के अनुसार, बूटी में रुक्का-बूटी लाइन व हटिया लाइन में खराबी के कारण लोगों को सामान्य रूप से पानी नहीं मिल पा रहा है। पाइपलाइन की मरम्मत में कई दिन लगे। लेकिन, सप्लाई शुरू होने के दौरान पानी के प्रेशर से पाइपलाइन में दोबारा लीकेज हो गया।
देर रात चालू हो गई सप्लाई
इस कारण जलापूर्ति फिर से बाधित हो गई, जिसे सोमवार देर शाम को दुरुस्त किया गया। पेयजल विभाग के कार्यपालक अभियंता चंद्रशेखर ने बताया कि मरम्मत कार्य पूरा हो चुका है, देर रात सप्लाई भी चालू कर दी गई है। इसके कारण मंगलवार सुबह को रांची शहर में सामान्य जलापूर्ति होगी।
नगर निगम शहर की सभी एचवाईडीटी व मिनी एचवाईडीटी की नंबरिंग करेगा। इस संबंध में उप प्रशासक रविंद्र कुमार ने सोमवार को जलापूर्ति शाखा के पदाधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की। बैठक में मुख्य रूप से ग्रीष्म ऋतु में सभी क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजलापूर्ति के लिए हो रही तैयारियां, समस्याएं और उसके समाधान के विषय में चर्चा की गई।
मांग के अनुरूप तैयार किए गए टैंकर
उप प्रशासक ने कहा कि सभी 70 वाटर टैंकरों के लिए रोस्टर तैयार करें और मोहल्लों की मांग के अनुरूप टैंकर तैयार रखें। पूर्व की भांति उन मोहल्लों को चिन्हित करने का निर्देश दिया, जो ड्राई जोन की श्रेणी में आते हैं, ताकि इन्हें प्राथमिकता दी जा सके।
उप प्रशासक ने निगम के धावा दल को सघन जांच अभियान चलाकर अवैध जल संयोजनों व अवैध रूप से संचालित जार वाटर बॉटलिंग प्लांट को चिन्हित करने और संबंधित मामलों में नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, लोगों से पानी की बर्बादी से बचने और अपने एवं अपने परिवारों को पानी के बचत के प्रति जागरूक करने की अपील की। बैठक में सहायक प्रशासक, अधीक्षण अभियंता, सहायक अभियंता समेत अन्य उपस्थित थे।




साइन इन