झारखंड में नाबालिग से दरिंदगी; शादी का झांसा देकर यार्ड में खड़ी ट्रेन के कोच में किया दुष्कर्म, आरोपी फरार
मामले की शिकायत प्राप्त होने पर लड़की को मेडिकल जांच के लिए साहिबगंज सदर अस्पताल भेज दिया गया और मजिस्ट्रेट के सामने उसका बयान दर्ज करवा दिया गया।

झारखंड के साहिबगंज जिले में महाराजपुर रेलवे स्टेशन के शंटिंग यार्ड में खड़ी ट्रेन के एक डिब्बे में नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार की घिनौनी वारदात का मामला सामने आया है। इस वारदात को 20 साल के एक युवक ने शादी का झांसा देकर अंजाम दिया। पुलिस विभाग के एक अधिकारी ने शनिवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि वारदात को लेकर GRP ने FIR दर्ज कर ली है और आरोपी को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पीड़िता का परिचित था।
महाराजपुर गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) के इंचार्ज कैलाश कुमार महतो ने PTI को बताया कि पीड़िता के जीजा ने एक शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि उसकी 14 साल की साली उसकी दुकान के पास झाड़ू लगा रही थी, तभी आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे बहला-फुसला लिया।
बातचीत करने के बहाने बुलाया था स्टेशन
पुलिस अधिकारी ने बताया, 'पीड़िता के परिवार के एक सदस्य ने आरोप लगाया है कि आरोपी, जो अक्सर लड़की के घर आता-जाता था, ने उससे शादी करने का वादा किया और उसे बातचीत के लिए महाराजपुर स्टेशन बुलाया। वह उसे शंटिंग यार्ड में खड़ी एक ट्रेन के कोच के अंदर ले गया और वहां उसके साथ बलात्कार की वारदात को अंजाम दिया।'
पीड़िता को अस्पताल भेज कराया मेडिकल
मामले की शिकायत प्राप्त होने पर पुलिस ने लड़की को मेडिकल जांच के लिए साहिबगंज सदर अस्पताल भेज दिया और मजिस्ट्रेट के सामने उसका बयान दर्ज करा दिया। पुलिस अधिकारी ने आगे कहा, 'हम मामले की जांच कर रहे हैं और फरार आरोपी को पकड़ने के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रहे हैं। उसे जल्द ही जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।'




साइन इन