कौन है ट्रंप पर गोली चलाने वाला थॉमस एलेन, NASA से कैसा कनेक्शन; पेशे से इंजीनियर
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में आयोजित ‘वाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन’ के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप को निशाना बनाने वाले शूटर को लेकर चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं।

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में आयोजित ‘वाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन’ के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप को निशाना बनाने वाले शूटर को लेकर चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक हमलावर की पहचान कैलिफोर्निया के टोरेंस निवासी 31 वर्षीय कोल थॉमस एलेन के रूप में हुई है। बताया जाता है कि थॉमस के पास, शॉटगन, हैंडगन और कई तरह के चाकू थे। एलेन ने न सिर्फ काफी पढ़ा-लिखा है, बल्कि वह नासा का फेलो भी रह चुका है। आइए जानते हैं थॉमस एलेन के बारे में सबकुछ।
क्या-क्या है जिक्र
कई अनवेरिफाइड सेाशल मीडिया हैंडल्स और लिंक्डइन पर एलेन को मैकेनिकल इंजीनियर, कंप्यूटर साइंटिस्ट और गेम डेवलपर बताया गया है। इसके अलावा वह लॉस एंजिलिस में पार्ट टाइम टीचर भी रहा है। ऑनलाइन उपलब्ध प्रोफाइल के मुताबिक एलेन कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से ग्रेजुएट है। वहां पर उसने 2017 में मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बैचलर ऑफ साइंस की डिग्री ली थी। बाद में उसने कैलिफोर्निया से कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स की डिग्री हासिल की थी। वह कैलटेक का पूर्व छात्र रह चुका है और विश्वविद्यालय की ‘ब्लिट्जक्रेग बॉट्स’ रोबोटिक्स टीम से जुड़ा था। इस टीम ने 2016 में रोबोटिक वाहन डिजाइन प्रतियोगिता जीती थी।
नासा से भी जुड़ाव
इसके अलावा एलेन का जुड़ाव नासा से भी रहा है। वह नासा के जेट प्रोपल्शन लैबोरेटरी में एक समर अंडरग्रेजुएट रिसर्च फेलोशिप में भी भाग लिया। उसे कुछ रिपोर्टों में उसे नासा फेलो बताया गया है। एलेन ने आईजेके कंट्रोल्स में मैकेनिकल इंजीनियर के रूप में काम किया और कैलटेक में ट्यूटरिंग असिस्टेंट के रूप में सेवा दी। इसके अलावा वह लॉस एंजेल्स क्षेत्र में सी2 एजुकेशन में पार्ट-टाइम शिक्षक के रूप में नियुक्त था। बताया जाता है कि उसे टीचर ऑफ मंथ के रूप में सम्मानित किया गया था।
वीडियो गेम भी बनाया
एलेन ने यह भी पोस्ट किया कि उसने मॉलिक्यूलर केमेस्ट्री पर आधारित स्टीम प्लेटफॉर्म के लिए एक वीडियो गेम डेवलप किया था। एलेन के नाम से की गई पोस्ट में कहा गया कि वह बाहरी अंतरिक्ष में सेट किए गए नए ‘टॉप-डाउन शूटर’ कॉम्बैट गेम डेवलप करने पर काम कर रहा था। एलेन ने बोहरडॉम और फर्स्ट लॉ जैसे गेम बनाए। जानकारी के मुताबिक एलेन ने कमला हैरिस के 2024 में राष्ट्रपति पद के समर्थन में 25 डॉलर दान किए थे।
क्या हुआ था डिनर
गौरतलब है कि शनिवार रात संवाददाताओं के रात्रिभोज के दौरान हुई गोलीबारी की घटना के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहाकि संदिग्ध के पास कई घातक हथियार थे। अधिकारियों ने बताया कि हमलावर की पहचान कैलिफोर्निया के टोरेंस निवासी 31 वर्षीय कोल टॉमस एलन के रूप में हुई है, जिसे सीक्रेट सर्विस ने पकड़ लिया है। अमेरिकी अटॉर्नी ने कहाकि संदिग्ध पर हथियार रखने और हमले के आरोप लगाए गए हैं।
कई तरह के हथियार
घटना के बाद ट्रंप ने वाइट हाउस में संवाददाताओं को संबोधित किया और बताया कि संदिग्ध के पास कई हथियार थे। उसे सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने पकड़ लिया। घटना में एक अधिकारी को गोली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण उनकी जान बच गई। उन्होंने बताया कि सीक्रेट सर्विस के अधिकारी को बहुत करीब से एक घातक हथियार से निशाना बनाया गया था। उन्हें गोली लगी लेकिन जैकेट ने अपना काम कर दिया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक वीडियो भी जारी किया है जिसमें संदिग्ध को सुरक्षा अवरोधक के पास भागते हुए और सीक्रेट सर्विस के एजेंट को उसकी ओर दौड़ते हुए देखा जा सकता है।
बाल-बाल बचे ट्रंप
संवाददाताओं के वार्षिक रात्रिभोज के दौरान हुई गोलीबारी की घटना में ट्रंप बाल-बाल बच गए। घटना के बाद ट्रंप और अमेरिका के अन्य शीर्ष नेताओं को वहां से सुरक्षित निकाल लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना उस बॉलरूम के बाहर हुई जहां ट्रंप और अन्य अतिथि मौजूद थे। हालांकि, घटना के सटीक कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका। कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है और इसे बाद में आयोजित किया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन