ईरान के 15 हजार ठिकानों पर किए हमले, अंडरग्राउंड हुई लीडरशिप: अमेरिका का बड़ा दावा
हेगसेथ का कहना है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई घायल हैं और संभवतः उनका चेहरा भी बिगड़ गया है। अमेरिकी रक्षा मंत्री ने कहा कि ईरान की सभी डिफेंस कंपनियां जल्द ही नष्ट हो जाएंगी।

अमेरिका ने शुक्रवार को बड़ा दावा करते हुए कहा है कि जब से युद्ध शुरू हुआ है, तब से उसने और इजरायल ने मिलकर ईरान के 15 हजार से ज्यादा ठिकानों पर हमले किए हैं। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा, ''ईरान की लीडरशिप अंडरग्राउंड हो गई है।'' उन्होंने आगे कहा, "हमारी वायु सेना और इजरायल की वायु सेना ने मिलकर दुश्मन के 15,000 से ज्यादा ठिकानों पर हमला किया है। यह हर दिन 1,000 से कहीं ज्यादा है।'' हेगसेथ ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि शुक्रवार को इस अभियान में अब तक के सबसे ज्यादा हमले किए गए।
हेगसेथ का कहना है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई घायल हैं और संभवतः उनका चेहरा भी बिगड़ गया है। एक दिन पहले ही खामेनेई ने अपना पहला बयान जारी करते हुए युद्ध जारी रखने का ऐलान किया था। अमेरिकी रक्षा मंत्री ने कहा कि ईरान की सभी डिफेंस कंपनियां जल्द ही नष्ट हो जाएंगी।
अमेरिका ने अमेरिकी सेंट्रल कमांड के बाहर के एक अधिकारी को एक ईरानी स्कूल पर हुए हमले की जांच पूरी करने के लिए नियुक्त किया है। पीट हेगसेथ ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। हेगसेथ ने एक प्रेस ब्रीफिंग में बताया, "मैं यह बता सकता हूं कि CENTCOM ने एक कमांड जांच पूरी करने के लिए एक जांच अधिकारी नियुक्त किया है।" रॉयटर्स ने पिछले हफ़्ते सबसे पहले यह रिपोर्ट दी थी कि अमेरिकी सेना की चल रही एक आंतरिक जांच से पता चला है कि दक्षिणी ईरान में लड़कियों के स्कूल पर हुए हमले के लिए संभवतः अमेरिकी सेना ही जिम्मेदार थी। हेगसेथ ने कहा, "कमांड जांच में इस घटना से जुड़े सभी मामलों को सुलझाने में जितना भी समय लगेगा, उतना समय लिया जाएगा। और जांच अधिकारी CENTCOM के बाहर से हैं और एक जनरल अधिकारी हैं।"
इस बीच, ईरान ने खाड़ी के अरब देशों पर शुक्रवार तड़के कई हमले किए, जिसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उसे बड़े जवाबी हमले की चेतावनी दी। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ''देखते रहिए, आज इन कुटिल लोगों का क्या हश्र होता है। ईरान की नौसेना नाश हो चुकी है, वायुसेना तबाह हो गई है। मिसाइल, ड्रोन और सब कुछ खत्म हो गए हैं और उनके नेताओं का नामोनिशान धरती से मिटा दिया गया है।''
उन्होंने कहा, ''हम ईरान के आतंकी शासन को सैन्य, आर्थिक और हरेक तरीके से पूरी तरह नष्ट कर रहे हैं।'' ट्रंप ने कहा, ''वे 47 वर्ष से दुनिया भर में निर्दोष लोगों को मार रहे हैं और अब मैं, अमेरिका का 47वां राष्ट्रपति होने के नाते, उन्हें मार रहा हूं। ऐसा करना मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है।'' अमेरिकी राष्ट्रपति की इन टिप्पणियों से एक दिन पहले ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मुज्तबा खामेनेई ने ईरानियों के खून का बदला लेने से पीछे न हटने का संकल्प लिया था। उन्होंने खाड़ी के अरब देशों को अमेरिकी ठिकाने बंद करने की चेतावनी देते हुए कहा था कि अमेरिकी सुरक्षा की धारणा "झूठ के सिवा कुछ नहीं" है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन