आतंक फैलाने वाला पाकिस्तान दे रहा ज्ञान, डिप्टी पीएम इशहाक डार करने लगे शांति और स्थिरता की बात
आतंकवाद फैलाने वाला पाकिस्तान अब ज्ञान देने लगा है। वहां के डिप्टी पीएम इसहाक डार, शांति और स्थिरता की बातें करने लगे हैं। ईरान-अमेरिका वार्ता में सहयोग के बाद, जैसे पाकिस्तान के सुर ही बदल गए हैं।
आतंकवाद फैलाने वाला पाकिस्तान अब ज्ञान देने लगा है। वहां के डिप्टी पीएम इसहाक डार, शांति और स्थिरता की बातें करने लगे हैं। ईरान-अमेरिका वार्ता में सहयोग के बाद, जैसे पाकिस्तान के सुर ही बदल गए हैं। पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इसहाक डार ने शनिवार को कहा कि पाकिस्तान ईरान-अमेरिका वार्ता में सहयोग कर रहा है और क्षेत्र में शांति तथा स्थिरता का माहौल कायम करने के लिए प्रयास करता रहेगा। बता दें कि वार्ता के दूसरे दौर को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। विदेश कार्यालय (एफओ) द्वारा जारी एक बयान के अनुसार उपप्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री डार ने क्षेत्र में नवीनतम घटनाक्रम की समीक्षा करने के लिए विदेश मंत्रालय में एक बैठक की।
मीडिया को दे डाली सलाह
डार ने इस बात को दोहराया कि पाकिस्तान क्षेत्र में शांति और स्थिरता का माहौल कायम करने के लिए ईरान-अमेरिका वार्ता में सहयोग कर रहा है और पाकिस्तान इस संबंध में अपने प्रयास जारी रखेगा। डार ने इस बात पर भी जोर दिया कि ईरान-अमेरिका मध्यस्थता प्रक्रिया पर पाकिस्तान के आधिकारिक नीतिगत बयान केवल आधिकारिक स्रोतों द्वारा जारी किए गए बयान हैं। उन्होंने कहाकि बयान चाहे प्रिंट मीडिया में उद्धृत किए गए हों या सोशल मीडिया पर, अज्ञात पाकिस्तानी अधिकारियों या सूत्रों के बयान पाकिस्तान के आधिकारिक रुख को नहीं दर्शाते हैं। डार ने प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को अटकलबाजी वाली रिपोर्टिंग से बचने और केवल आधिकारिक बयानों पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह भी दी।
कई देशों के नेताओं से बात
इस बीच डार ने तुर्किये के विदेश मंत्री हकान फिदान से भी बात की और पाकिस्तान द्वारा किए जा रहे राजनयिक प्रयासों के संबंध में उन्हें नवीनतम जानकारी साझा की। विदेश कार्यालय के अनुसार, ‘उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि संवाद और कूटनीति के माध्यम से निरंतर जुड़ाव ही इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने का एकमात्र व्यवहार्य उपाय है।’ इसके अलावा, डार ने शुक्रवार देर रात मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अब्देलती से बात की और दोनों नेताओं ने पाकिस्तान द्वारा सुगम बनाए जा रहे राजनयिक प्रयासों पर चर्चा की और संवाद और कूटनीति के महत्व पर जोर दिया।
अराघची पहुंच चुके हैं पाकिस्तान
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची शुक्रवार देर रात यहां पहुंचे और शनिवार को पाकिस्तानी नेतृत्व के साथ बैठकें कीं। इससे पहले दिन में, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बाकाई ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहाकि ईरान और अमेरिका के बीच कोई बैठक आयोजित करने की योजना नहीं है। वाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने कहाकि पश्चिम एशिया मामलों के लिए अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सलाहकार जेरेड कुशनर ईरानी प्रतिनिधिमंडल के प्रतिनिधियों के साथ सीधी बातचीत करने के लिए शनिवार को पाकिस्तान के लिए रवाना होंगे। इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है कि इस यात्रा के दौरान अमेरिका और ईरान के बीच सीधी वार्ता होगी या नहीं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन