फिर ठप हुआ स्ट्रेट ऑफ होर्मुज, लेबनान पर इजरायली हमले के बाद ईरान का ऐक्शन
ईरान युद्ध को रोकने वाले सीजफायर पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। लेबनान पर इजरायली हमलों के जवाब में ईरान ने एक बार फिर से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद कर दिया है। तेहरान की तरफ से लेबनान पर हमले जारी रहने की स्थिति में तेल अवीव को निशाना बनाने की धमकी दी गई है।
Strait of Hormuz closed again: पश्चिम एशिया की जंग एक बार फिर से भड़कती हुई नजर आ रही है। सीजफायर के ऐलान के 24 घंटे के भीतर ईरान ने एक बार फिर से होर्मुज स्ट्रेट को बंद करने का ऐलान कर दिया है। एपी की रिपोर्ट के मुताबिक ईरान की तरफ से यह फैसला लेबनान पर जारी इजरायली हमलों के बाद लिया है।
गौरतलब है कि ईरान, इजरायल और अमेरिका की तरफ से कुछ घंटे पहले ही सीजफायर का ऐलान किया गया। ईरान ने भी इस पर सहमति जताते हुए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने की इजाजत दे दी थी। ईरान के इस फैसले के बाद पूरी दुनिया ने राहत की सांस ली थी। दुनिया भर के बाजारों ने इस सीजफायर का स्वागत किया था। लेकिन अब कुछ घंटों के बाद ही होर्मुज पर एक बार फिर से पाबंदी लग गई है।
क्या है लेबनान का विवाद?
होर्मुज को बंद करने का पूरा मामला लेबनान पर इजरायली हमलों से जुड़ा हुआ है। 28 फरवरी को ईरान पर हमले के बाद शुरू हुए युद्ध में लेबनान के हिज्बुल्लाह ने भी ईरान के समर्थन में आकर इजरायल पर हमला बोल दिया था। इसके बाद इजरायल ने लेबनान के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया था। कुछ ही दिनों में इजरायली सेना ने जमीनी स्तर पर भी अभियान शुरु कर दिया। इजरायल ने पिछले दो हफ्तों में लेबनान में काफी अभियान चलाए। इजरायली हमलों में अभी तक लेबनान में 1500 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
लेबनान पर हमला करने को अड़ा इजरायल
ईरान में जारी युद्ध को रोकने के लिए मंगलवार को जब ट्रंप ने सीजफायर का ऐलान किया, तो इजरायल ने भी इसका खुला समर्थन किया। लेकिन पेंच उस वक्त फंस गया, जब इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सार्वजनिक रूप से कहा कि इस सीजफायर में लेबनान शामिल नहीं है। इजरायल लेबनान पर हमला करना जारी रखेगा।
इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने खुले तौर पर लिखा, "इजरायल, राष्ट्रपति ट्रंप के इस फैसले का समर्थन करता है कि ईरान के खिलाफ हमले दो हफ्ते के लिए रोक दिए जाएं। बशर्ते, ईरान को होर्मुज स्ट्रेट खोले और अमेरिका, इजरायल समेत अन्य सभी देशों पर हमले बंद करे। अमेरिका ने इज़राइल को आश्वस्त किया है कि वह इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो अमेरिका, इजराइल और उसके क्षेत्रीय सहयोगियों के साझा उद्देश्य हैं। यह दो सप्ताह का युद्धविराम लेबनान को शामिल नहीं करता।”
गौरतलब है कि पाकिस्तान के मध्यस्थ के तौर पर सामने आए समझौते में लेबनान के शामिल होने की बात की गई थी। इसकी वजह से दोनों पक्षों के बीच में असहजता की स्थिति बन गई। ईरान की तरफ से इजरायल को धमकी भी दी गई कि अगर इजरायल लेबनान पर हमले करना बंद नहीं करता है, तो फिर ईरान भी तेल अवीव को निशाना बनाएगा। दोनों तरफ से होती बयान बाजी के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप साफतौर पर कहा कि लेबनान इस सीजफायर में शामिल नहीं है। इसके बाद ईरान ने एक बार फिर से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से निकलने वाले जहाजों को रोक दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन