सीजफायर के बदले तबाही का इंतजाम कर रहे ट्रंप? रूस ने यूक्रेन पर किया अब तक का सबसे बड़ा हमला
रूस और यूक्रेन के बीच सीजफायर करवाने का दावा करने वाले ट्रंप को अब तक कोई कामयाबी नहीं मिली है। इस बीच रूस ने यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा हमला कर दिया है। जानकारी के मुताबिक रूस ने 700 से ज्यादा ड्रोन दागे हैं।

रूस ने यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा हमला कर दिया है। बीते सप्ताह यूक्रेन को घातक हमलों से दहलाने के बाद रूस का यह लगातार तीसरा बड़ा हमला है। जानकारी के मुताबिक रूस ने रात भर यूक्रेन में तबाही मचाई है और इस दौरान 700 से अधिक ड्रोन दागे हैं। इन हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई है। यह खबर ऐसे समय में आई है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन को अधिक मात्रा में हथियार भेजने का ऐलान किया है। ट्रंप ने सार्वजनिक तौर पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को भला-बुरा भी कहा है। ट्रंप ने कहा है कि वह पुतिन के व्यवहार से खुश नहीं है।
यूक्रेनी अधिकारियों ने बुधवार को बताया है कि बीते कुछ दिनों में इस तरह के हमलों में लगातार इजाफा हुआ है। जानकारी के मुताबिक रूस ने हाल ही में फर्जी ड्रोन से हमले कर यूक्रेन की हवाई सुरक्षा को कमजोर करने के लिए नया अभियान शुरू किया है।
क्या बोले जेलेंस्की?
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि इन हमलों में यूक्रेनी सेना द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले लुत्स्क शहर सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। लुत्स्क पश्चिमी यूक्रेन में पोलैंड की सीमा के पास स्थित है जो यूक्रेन के लिए एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है। लुत्स्क के अलावा 10 अन्य क्षेत्रों पर हमला किया गया। जेलेंस्की ने कहा है कि क्रेमलिन इन हमलों को तेज कर "अपनी बात मनवाना" चाहता है।
728 ड्रोन और 13 मिसाइलों से हमला
इस बीच रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूसी सुरक्षा बलों ने यूक्रेनी हवाई अड्डों को निशाना बनाया है और उनके सभी निशाने सटीक थे। रूसी हमलों में 728 ड्रोन और 13 मिसाइलों का उपयोग किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले शुक्रवार को रूस ने 550 ड्रोन दागे थे। वहीं एक हफ्ते से भी कम समय पहले रूस ने 477 ड्रोन दागे थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन