दोबारा न हो ऐसी घटना; टीवी पत्रकार पर हमले से भड़का रूस, इजरायल को लगाई लताड़
इजरायली राजदूत ओडेड जोसेफ को बुलाकर रूस ने हमले की जांच करवाने की मांग की है। साथ ही, यह आश्वासन भी मांगा गया है कि अब दोबारा ऐसा हमला न हो। आरटी के अनुसार, जब टीवी क्रू एक मिलिट्री बेस के पास एक पुल पार कर रहा था, तभी इजरायली वायु सेना के एक जेट ने पत्रकारों की कार पर एक रॉकेट दागा।

रिपोर्टिंग के दौरान रशिया टीवी (RT) के पत्रकार स्टीव स्वीनी पर लेबनान में हुए इजरायली हमले से रूस भड़क गया है। शुक्रवार को रूसी विदेश मंत्रालय ने इजरायली राजदूत को समन भेजकर घटना का विरोध जताया। 'आरटी' के पत्रकार स्टीव गुरुवार को कैमरे पर लाइव रिपोर्टिंग कर रहे थे, तभी इजरायल ने हवाई हमला कर दिया। वह समय रहते हुए आसमान से आ रही मिसाइल को देख गए और वहां से हट गए, जिससे उनकी जान बच सकी। हालांकि, हमले में वे और कैमरामैन मामूली रूप से घायल हुए।
इजरायली राजदूत ओडेड जोसेफ को बुलाकर रूस ने हमले की जांच करवाने की मांग की है। साथ ही, यह आश्वासन भी मांगा गया है कि अब दोबारा ऐसी घटना न हो। आरटी के अनुसार, जब टीवी क्रू एक मिलिट्री बेस के पास एक पुल पार कर रहा था, तभी इजरायली वायु सेना के एक जेट ने पत्रकारों की कार पर एक रॉकेट दागा। कैमरामैन अली रेइडा ने कहा कि इजरायली सेना ने क्रू पर जान-बूझकर हमला किया, जबकि उन्होंने ऐसी जैकेट पहनी हुई थीं जिन पर उनके प्रेस क्रेडेंशियल्स साफ-साफ दिखाई दे रहे थे।
'महज हादसा नहीं मान सकते'
यह पूरा मामला कैमरे पर कैद हो गया। स्वीनी खुद दागे गए रॉकेटों के बारे में रिपोर्ट कर रहे थे, तभी अचानक वे हैरान रह गए, ऐसा लगा कि उन्हें आते हुए गोले की आवाज सुनाई दी। वे किसी तरह आगे की ओर झुक पाए, और स्थिर कैमरे में एक जबरदस्त धमाका रिकॉर्ड हो गया। हमला रिपोर्टर और कैमरामैन के खड़े होने की जगह से महज कुछ ही मीटर की दूरी पर हुआ था। रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने इस हमले के लिए इजरायल की निंदा की और कहा कि प्रेस का निशान लगाए पत्रकारों पर हमला गाजा में दो सौ पत्रकारों की हत्या को देखते हुए, महज एक हादसा नहीं माना जा सकता।
दोनों का चल रहा इलाज
टीवी नेटवर्क ने खुद बताया कि दोनों होश में हैं और फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। उनका कहना है कि धमाके से निकले छर्रे उनके शरीर के अंगों पर लगे हैं। स्वीनी ने बताया कि इस हमले के कारण उनके बाएं हाथ में छर्रा काफी गहराई तक धंस गया था, जिसे अस्पताल में निकालकर हटाना पड़ा। वहीं, इजरायली डिफेंस फोर्स के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि सेना इस बात की जांच करेगी कि क्या हुआ था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन