Putin rushes out mid event to take trump callsais he Could get offended watch video डोनाल्ड ट्रंप का फोन आते ही कार्यक्रम से निकले पुतिन, बोले- नहीं उठाऊंगा तो बुरा मान जाएंगे, International Hindi News - Hindustan
More

डोनाल्ड ट्रंप का फोन आते ही कार्यक्रम से निकले पुतिन, बोले- नहीं उठाऊंगा तो बुरा मान जाएंगे

इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की भी ट्रंप के साथ शुक्रवार को एक कॉल में बात करने वाले हैं, जिसमें अमेरिकी हथियारों की आपूर्ति में रुकावट और यूक्रेन के लिए समर्थन जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे।

Fri, 4 July 2025 12:30 PMAmit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, मॉस्को
share
डोनाल्ड ट्रंप का फोन आते ही कार्यक्रम से निकले पुतिन, बोले- नहीं उठाऊंगा तो बुरा मान जाएंगे

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच गुरुवार को एक अहम और लंबी टेलीफोनिक बातचीत हुई, जिसमें यूक्रेन युद्ध और ईरान समेत कई वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई। लेकिन इस बातचीत से पहले कुछ ऐसा हुआ जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जब ट्रंप का फोन आया, तब पुतिन एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, लेकिन उन्होंने बातचीत को बीच में रोक दिया और ट्रंप से बात करने के लिए मंच से विदा ले ली।

पुतिन ने मजाकिया लहजे में कहा कि ट्रंप को इंतजार कराना ठीक नहीं है। क्या पता अमेरिकी राष्ट्रपति नाराज हो जाएं। पुतिन ने कार्यक्रम के बीच में कहा, "कृपया नाराज मत होइए, हम और भी बात कर सकते थे। लेकिन उन्हें (ट्रंप को) इंतजार कराना थोड़ा अजीब लगता है, वे नाराज हो सकते हैं।" इस टिप्पणी के बाद दर्शकों में हंसी की लहर दौड़ गई और तालियां बजीं। यह घटना मॉस्को में आयोजित "स्ट्रॉन्ग आइडियाज फॉर न्यू टाइम" फोरम के दौरान हुई, जहां पुतिन एक पैनल चर्चा में हिस्सा ले रहे थे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें पुतिन दर्शकों से माफी मांगते हुए और ट्रंप के कॉल के लिए जाने की बात कहते नजर आ रहे हैं।

बातचीत के बाद ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, "हमारी बात हुई। यह काफी लंबी बातचीत थी। हमने बहुत सारे मुद्दों पर बात की, जिनमें ईरान और यूक्रेन युद्ध भी शामिल है।" हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि बातचीत के बावजूद यूक्रेन संकट को लेकर कोई ठोस प्रगति नहीं हो सकी। ट्रंप ने कहा, “मैं इससे खुश नहीं हूं... नहीं, आज पुतिन के साथ किसी तरह की बात पर कोई प्रगति नहीं हुई।”

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अभी नहीं थमेगी यूक्रेन जंग! ट्रंप ने छठी बार मिलाया था पुतिन को फोन, मिला झटका
ये भी पढ़ें:रूस से ताकतवर हुआ अमेरिका? पुतिन ज्यादा खर्च कर रहे या डोनाल्ड ट्रंप

इस फोन कॉल की पुष्टि क्रेमलिन ने भी की और बताया कि दोनों नेताओं के बीच लगभग एक घंटे तक बातचीत चली। क्रेमलिन के वरिष्ठ अधिकारी यूरी उशाकोव ने कहा, "हमारे राष्ट्रपति ने साफ कहा कि रूस अपने तय उद्देश्यों को हासिल करके रहेगा। यानी उन जड़ों को खत्म करना जो मौजूदा हालात की वजह बनीं। रूस अपने लक्ष्यों से पीछे नहीं हटेगा।"

यह कॉल ऐसे समय पर हुई है जब अमेरिका ने यूक्रेन को भेजे जाने वाले हथियारों की सप्लाई पर अस्थायी विराम लगा रखा है और यूरोपीय देशों पर समर्थन बढ़ाने का दबाव बढ़ रहा है। इस बीच, ईरान पर अमेरिकी हवाई हमलों के बाद पुतिन ने पश्चिम एशिया में राजनयिक समाधान की अपील भी की।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।