एक रोटी के बदले कश्मीरी महिलाओं का शोषण… PoK में पाकिस्तान की काली करतूतों का कबूलनामा
पाकिस्तानी मौलाना ने पाकिस्तान का पूरा कच्चा चिट्ठा खोल दिया है। इससे पहले मानवाधिकार समूहों ने PoK में यौन हिंसा और स्थानीय लोगों के साथ दुर्व्यवहार के मामलों का जिक्र कर चिंता जताई है।

पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में महिलाओं के शोषण को लेकर हाल ही में पाकिस्तान के एक मौलाना ने ही बड़ा कबूलनामा किया है। पाकिस्तान के देवबंदी मौलाना मुफ्ती सईद खान ने बताया है कि किस तरह PoK में नागरिकों की स्थिति बदतर होती जा रही है। मौलाना ने कबूला है कि यहां सक्रिय ‘मुजाहिदीन’, महिला शरणार्थियों का सालों से शोषण कर रहे हैं।
बता दें कि मुफ्ती सईद खान को पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान का करीबी माना जाता है। उन्होंने हाल ही में यह बातें ‘कश्मीर एंड आवर हाइपोक्रेसी’ नाम के एक लेक्चर में यह बातें कही हैं। मौलाना ने बताया कि कश्मीरी मुस्लिम महिलाएं और लड़कियां, जो शरणार्थी कैंपों में रह रही थीं, उन्हें खाने जैसी बुनियादी जरूरतों के बदले यौन शोषण के लिए मजबूर किया जाता था। उन्होंने कहा कि कई मामलों में महिलाओं को सिर्फ एक रोटी के बदले अपने शरीर का सौदा करने के लिए मजबूर किया गया।
सालों से शोषण कर रहा पाक
बता दें कि इन आतंकियों पर स्थानीय लोगों, खासकर महिलाओं के शोषण के आरोप लंबे समय से लगते रहे हैं। अब मौलाना के इस बयान को पाकिस्तान का कबूलनामा माना जा रहा है। न्यूज 18 ने अपनी एक रिपोर्ट में खुफिया सूत्रों के हवाले से बताया कि मौलाना का बयान उन दस्तावेजों से मेल खाता है, जिन्हें भारत पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साझा कर चुका है। वहीं कई मानवाधिकार समूह भी इसे लेकर चिंता जाहिर कर चुके हैं।
सड़कों पर उतरे थे लोग
बीते साल PoK में दशकों में सबसे बड़े विरोध प्रदर्शन भी हुए थे। पाकिस्तान के दमन और शोषण के खिलाफ मुजफ़्फ़राबाद, मीरपुर, कोटली, रावलकोट और नीलम घाटी में हजारों लोग सड़कों पर उतर आए। पाकिस्तान ने प्रदर्शनों को दबाने के लिए एक बार फिर फायरिंग का सहारा लिया और पाकिस्तानी बलों की फायरिंग में कई लोगों की मौत हो गई।
भारत ने जताई थी चिंता
भारत ने एक बयान जारी कर इस पर चिंता जताई थी। भारत ने कहा था कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में जारी अशांति इस्लामाबाद के दशकों के शोषण और दमन का अनिवार्य परिणाम है। भारत ने इस दौरान यह भी स्पष्ट किया था कि PoK भारत का अभिन्न अंग है। विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा, 'हमने पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में हो रहे प्रदर्शनों और निर्दोष नागरिकों पर पाकिस्तानी बलों की बर्बरताओं की खबरें देखी हैं। यह पाकिस्तान की दमनकारी नीतियों और दशकों से इन इलाकों के संसाधनों की लूट का नतीजा है। यह क्षेत्र पाकिस्तान के अवैध कब्जे में है और उसे इन गंभीर मानवाधिकार उल्लंघनों के लिए जवाबदेह ठहराना चाहिए।’”
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन