अमेरिका और ईरान को सीजफायर करने बुला रहा पाकिस्तान, खुद ने अफगानिस्तान पर किया अटैक
खबरें हैं कि अमेरिका ने अपनी 15 सूत्रीय मांगों को पाकिस्तान के जरिए ही ईरान तक पहुंचाया था। शुरुआत में ईरान ने संघर्ष विराम से इनकार कर दिया है। वहीं, अब कहा जा रहा है कि ईरान इन मांगों पर विचार कर रहा है।

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर अस्थायी युद्धविराम खत्म होने के बाद बुधवार को एक बार फिर हमले शुरू हो गए। इस संघर्ष में अफगानिस्तान के पूर्वी हिस्से में कम से कम दो नागरिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। अफगान तालिबान अधिकारियों ने यह जानकारी दी। खास बात है कि यह घटनाक्रम ऐसे समय पर हुआ है, जब पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता करने का अनुरोध किया है।
2 लोग मारे गए
अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में सूचना और संस्कृति विभाग के प्रवक्ता जिया-उर-रहमान स्पिंगहर ने बताया कि मुस्लिमों के त्योहार ईद-उल-फितर से पहले दोनों पक्षों ने संक्षिप्त संघर्षविराम की घोषणा की थी। इसके खत्म होते ही पाकिस्तानी बलों ने नराई और सरकानो जिलों में दर्जनों तोप के गोले दागे, जिससे दो नागरिकों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए, जिसके बाद अफगान सीमा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की।
एक दूसरे पर लगा रहे आरोप
स्पिंगहर ने दावा किया कि उन्होंने पाकिस्तान की तीन सैन्य चौकियों को तबाह कर दिया और एक व्यक्ति को मार गिराया। हालांकि, उनके दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है। पाकिस्तान की सेना की ओर से इस पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई है। इस बीच, उत्तर-पश्चिम में पाकिस्तान के एक स्थानीय अधिकारी ने अफगान बलों पर कई क्षेत्रों में गोलीबारी शुरू करने का आरोप लगाया।
सऊदी अरब, तुर्किये और कतर के अनुरोध पर अफगानिस्तान में पाकिस्तानी हवाई हमलों पर रोक को लेकर दोनों पक्षों के सहमति जताने के करीब एक सप्ताह बाद ये हमले हुए हैं।
अमेरिका और ईरान को बात करने बुला रहा
खास बात है कि पाकिस्तान ईरान और अमेरिका में संघर्ष विराम की कोशिश में लगा हुआ है। इसके चलते प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने दोनों मुल्कों के बीच बातचीत की मेजबानी की इच्छा जाहिर की है। हाल ही में किए एक पोस्ट में शरीफ ने कहा था, 'अमेरिका और ईरान की सहमति होने पर पाकिस्तान संघर्ष के व्यापक समाधान के लिए सार्थक और निर्णायक वार्ता की मेजबानी करने और उसे आगे बढ़ाने के लिए तैयार है तथा इसे अपने लिए सम्मान की बात मानता है।'
ब्रिटेन के अखबार 'फाइनेंशियल टाइम्स' के अनुसार, पाकिस्तान के रक्षा बलों के प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात की और अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता की भूमिका निभाने का अनुरोध किया।
पाकिस्तान के जरिए बात कर रहा अमेरिका
खबरें हैं कि अमेरिका ने अपनी 15 सूत्रीय मांगों को पाकिस्तान के जरिए ही ईरान तक पहुंचाया था। शुरुआत में ईरान ने संघर्ष विराम से इनकार कर दिया है। वहीं, अब कहा जा रहा है कि ईरान इन मांगों पर विचार कर रहा है। अमेरिका और ईरान में शांति प्रयासों में पाकिस्तान और तुर्किये समेत 3 देशों के भूमिका निभाने की बात कही जा रही थी।
(भाषा इनपुट शामिल)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन