Multiple people injured in explosion in Islamabad imambargah नमाज के बीच धमाके से दहल उठा पाकिस्तान का इस्लामाबाद, अब तक 31 की मौत; 169 घायल, International Hindi News - Hindustan
More

नमाज के बीच धमाके से दहल उठा पाकिस्तान का इस्लामाबाद, अब तक 31 की मौत; 169 घायल

Islamabad Blast: यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब उज़्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्ज़ियोयेव की दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर इस्लामाबाद में हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में इसे आत्मघाती हमला कहा जा रहा है।

Fri, 6 Feb 2026 04:37 PMPramod Praveen लाइव हिन्दुस्तान, इस्लामाबाद
share
नमाज के बीच धमाके से दहल उठा पाकिस्तान का इस्लामाबाद, अब तक 31 की मौत; 169 घायल

Islamabad Blast: पड़ोसी देश पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आज (शुक्रवार, 6 फरवरी को) जुमे की नमाज के दौरान एक शिया मस्जिद में बड़ा धमाका हुआ है, जिसमें 31 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है, जबकि 169 लोग घायल हुए हैं। स्थानीय पुलिस ने यह जानकारी दी है। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, शहर के शहजाद टाउन इलाके के तरलाई इमामबाड़े में जुमे की नमाज के दौरान यह विस्फोट हुआ है। धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुँचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया। राहत दल लगातार घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती करा रहा है।

यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब उज़्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्ज़ियोयेव की दो दिनों की आधिकारिक यात्रा पर इस्लामाबाद में हैं। इस बीच, इस्लामाबाद कैपिटल टेरिटरी पुलिस के प्रवक्ता ताकी जवाद ने कहा कि धमाके की प्रकृति का पता लगाना अभी जल्दबाजी होगी और फोरेंसिक टीमों को यह तय करना होगा कि यह आत्मघाती हमला था या प्लांट किया गया बम। हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में इसे आत्मघाती हमला कहा जा रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बलूचिस्तान से सोना निकालेगा अमेरिका, मजबूर पाकिस्तान ने कर लिया समझौता; एक डर भी

इस्लामाबाद में इमरजेंसी लागू

घटना की गंभीरता को देखते हुए इस्लामाबाद के प्रमुख अस्पतालों में आपातकाल लागू कर दिया गया है। पॉलीक्लिनिक अस्पताल, पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) और CDA अस्पताल को अलर्ट पर रखा गया है। PIMS के प्रवक्ता के हवाले से डॉन ने बताया है कि अस्पताल के मुख्य इमरजेंसी, ऑर्थोपेडिक विभाग, बर्न सेंटर, न्यूरोलॉजी विभाग को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। घायलों को लगातार PIMS और पॉलीक्लिनिक अस्पताल में लाया जा रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दुनिया चांद पर, पाक गटर के ढक्कन में उलझा; चोरों के लिए जारी करना पड़ा फरमान

अब तक धमाके की जिम्मेदारी किसी संगठन ने नहीं ली

फिलहाल धमाके के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। जांच एजेंसियां मौके से सबूत जुटा रही हैं और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि विस्फोट कैसे और किन हालात में हुआ। बहरहाल सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। अभी तक इन धमाके की जिम्मेदारी किसी संगठन ने नहीं ली है लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इसे बेहद गंभीर मान रही हैं। फॉरेंसिक टीमें भी मौके पर सबूत जुटाने में लगी हैं। अधिकारियों का कहना है कि घायलों की संख्या और स्थिति पर नजर रखी जा रही है और विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद साझा की जाएगी। फिलहाल इस्लामाबाद में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

Islamabad Blast during Namaz

राजधानी में हालिया धमाकों की कड़ी?

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब तीन महीने पहले ही इस्लामाबाद के G-11 इलाके में एक बड़ा आत्मघाती हमला हुआ था। 11 नवंबर 2025 को जिला एवं सत्र न्यायालय के बाहर हुए धमाके में तब 12 लोगों की मौत हो गई थी और 30 से अधिक लोग घायल हुए थे। आज का विस्फोट उस हमले की यादें ताजा कर रहा है और राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर रहा है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।