इटली को 2 मिनट में उड़ा देगा ईरान, अब जॉर्जिया मेलोनी पर क्यों भड़क गए ट्रंप?
ट्रंप ने दावा किया कि काफी समय से उनकी मेलोनी से कोई बात नहीं हुई है। उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री पर अमेरिका का समर्थन न करने और परमाणु खतरों को रोकने के प्रयासों में साथ ना देने का आरोप लगाया है।

ईरान से चल रही जंग के बीच अमेरिका को अपने साथियों ने ही अकेला छोड़ दिया है। पश्चिमी देशों ने साफ कहा है कि यह युद्ध उनका नहीं है और कई देशों ने तो ईरान पर अमेरिकी और इजरायली हमलों की खुलकर निंदा भी की है। इससे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पारा सातवें आसमान पर है। ट्रंप ने बीते कुछ दिनों से नाटो देशों को खूब सुनाया है। अब उनका गुस्सा इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी पर फूटा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने हालिया युद्ध, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज और पोप लियो के बचाव से जुड़े बयानों को लेकर मेलोनी पर तीखा हमला बोला है।
इटली के अखबार 'कोरिरे डेला सेरा' को दिए एक इंटरव्यू में, ट्रंप ने मेलोनी के रुख पर हैरानी और निराशा जताई। उन्होंने कहा, "मैं उनसे हैरान हूं। मुझे लगा था कि उनमें हिम्मत है। मैं गलत था।" उन्होंने आगे कहा कि वह वैसी बिल्कुल नहीं हैं जैसा उन्होंने सोचा था।
होर्मुज में नहीं मिली मदद
दरअसल ट्रंप मेलोनी से सबसे ज्यादा खफा इस बात को लेकर हैं कि उन्होंने होर्मुज को खुलवाने में अमेरिका की मदद करने से इनकार कर दिया। ट्रंप ने अपने बयान में कहा, "उन्हें दुनिया में सबसे ज्यादा ऊर्जा की कीमतें चुकानी पड़ती हैं, फिर भी वे स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के लिए लड़ने को तैयार नहीं हैं। इसे खुला रखने के लिए वे डोनाल्ड ट्रंप पर निर्भर हैं।" ट्रंप ने आगे इटली की प्रतिबद्धता पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, “जॉर्जिया मेलोनी युद्ध में हमारी मदद नहीं करना चाहतीं, मैं हैरान हूं। क्या लोगों को यह बात पसंद आती है कि उनकी प्रधानमंत्री तेल हासिल करने के लिए कुछ भी नहीं कर रही हैं?”
ईरान दो मिनट में इटली को उड़ा देगा- ट्रंप
इस दौरान ट्रंप ने यह दावा भी किया कि काफी समय से उनकी मेलोनी से कोई बात नहीं हुई है मेलोनी की आलोचना करते हुए ट्रंप ने कहा, "वही हैं जिनका रवैया अस्वीकार्य है, क्योंकि उन्हें इस बात की कोई परवाह नहीं है कि ईरान के पास परमाणु हथियार हैं या नहीं; अगर मौका मिला तो ईरान दो मिनट में इटली को उड़ा देगा। मेलोनी अब वैसी इंसान नहीं रहीं और इटली भी अब वैसा देश नहीं रहेगा।”
महीनेभर पहले ही की थी तारीफ
ट्रंप का यह बयान इसीलिए हैरान करने वाला है क्योंकि महज एक महीने पहले ही ट्रंप मेलोनी की तारीफ कर रहे थे। ट्रंप ने मेलोनी को एक महान नेता और करीबी सहयोगी बताया था। वहीं जनवरी 2025 में उनके शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाली मेलोनी एकमात्र यूरोपीय नेता थीं। अब दोनों देशों के बीच हाल ही में तनाव तब पैदा हुआ है जब मेलोनी ने अमेरिका की ईरान नीति से खुद को अलग कर लिया है। इटली ने अमेरिकी लड़ाकू विमानों को सिसिली में एयरबेस का इस्तेमाल करके हमला करने की इजाजत नहीं दी। वहीं इटली ने पोप लियो के खिलाफ ट्रंप की टिप्पणियों की भी आलोचना की है। इन सब के बीच मेलोनी ने मंगलवार को इजरायल के साथ इटली के रक्षा सहयोग समझौते पर भी रोक लगा दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन