Iran war update Trump cancels Kushner and Witkoff's trip to Pakistan ट्रंप ने कैंसल की कुशनर और विटकॉफ की पाकिस्तान यात्रा, बोले- 18 घंटे की फ्लाइट लेना बेकार, International Hindi News - Hindustan
More

ट्रंप ने कैंसल की कुशनर और विटकॉफ की पाकिस्तान यात्रा, बोले- 18 घंटे की फ्लाइट लेना बेकार

डोनाल्ड ट्रंप ने कुशनर और विटकॉफ की पाकिस्तान यात्रा कैंसल कर दी है। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने पाकिस्तान के लिए उड़ान भरने वाली टीम को फ्लाइट लेने से इनकार कर दिया है। पढ़ें पूरी खबर

Sat, 25 April 2026 10:11 PMUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share
ट्रंप ने कैंसल की कुशनर और विटकॉफ की पाकिस्तान यात्रा, बोले- 18 घंटे की फ्लाइट लेना बेकार

पश्चिम एशिया संकट को खत्म करने के लिए पाकिस्तान में होने वाली शांति वार्ता में एक बार फिर से खलल पड़ गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने शनिवार को बताया कि उन्होंने ईरान शांति वार्ता के लिए पाकिस्तान जाने वाली अपनी टीम की यात्रा को रद्द कर दिया है। बता दें, जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ ईरानी अधिकारियों से बात करने के लिए इस्लामाबाद जाने वाले थे। लेकिन हाल ही में खबर आई थी कि ईरान के अधिकारी पाकिस्तान फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात करके तेहरान के लिए उड़ान भर चुके हैं। इसके बाद ट्रंप ने भी अमेरिकी प्रतिनिधियों की इस यात्रा को रद्द कर दिया है।

फॉक्स न्यूज से बात करते हुए ट्रंप ने कुशनर और विटकॉफ की पाकिस्तान यात्रा को रद्द करने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा, "मैंने अभी कुछ देर पहले पाकिस्तान जाने वाली अपनी टीम से उनकी यात्रा कैंसल करने के लिए कह दिया है। मैंने उनसे कहा कि नहीं, आप वहां जाने के लिए 18 घंटे की उड़ान नहीं भरेंगे। हमारे पास सारे विकल्प पहले से ही मौजूद हैं। वे जब चाहें हमें फोन कर सकते हैं, लेकिन आप अब और 18 घंटे की उड़ान भरकर वहां बैठकर बेकार बातें करने नहीं जाएंगे।"

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ईरान ने अमेरिका से सीधी बात करने से किया मना, पाकिस्तान को बताएगा अपनी मांग

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर भी दी जानकारी

ट्रंप ने सोशल मीडिया साइट ट्रुथ सोशल पर भी इसकी जानकारी देते हुए ट्रंप ने कहा कि ईरान की लीडरशिप के बीच में भयंकर आंतरिक कलह है। उन्होंने लिखा, "... यात्रा करने में बहुत समय बर्बाद होता है। इसके अलावा ईरान की लीडरशिप के बीच में बहुत भयंकर आतंरिक कलह और भ्रम की स्थिति है। किसी को पता नहीं है कि सत्ता किसके हाथ में है, यहां तक कि जो सत्ता में हैं, उन्हें भी इसकी जानकारी नहीं है।"

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ईरान संकट को लेकर बढ़ा सस्पेंस, ईरान विदेश मंत्री की आसिम मुनीर से मुलाकात

पाकिस्तान से निकला ईरानी डेलीगेशन

गौरतलब है कि ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब पाकिस्तान में शहबाज शरीफ और आसिम मुनीर से मुलाकात करने के बाद ईरानी डेलीगेशन तेहरान के लिए उड़ान भर चुका है। सूत्रों के मुताबिक, ईरान के अधिकारियों ने अमेरिकियों से सीधे बातचीत करने से इनकार करते हुए अपनी चिंताएं पाकिस्तान के साथ साझा कर दी थी। उन्हें उम्मीद है कि पाकिस्तान इन बातों को अमेरिकी डेलीगेशन के सामने रखेगा। लेकिन अब ट्रंप ने यह यात्रा ही कैंसल कर दी है।

यह पहली बार नहीं है, जब ईरानियों से बात करने के लिए पाकिस्तान आ रहे प्रतिनिधिमंडल की यात्रा को कैंसल किया गया है। इससे पहले दूसरे दौर की शांति वार्ता में हिस्सा लेने के लिए इस्लामाबाद आने की तैयारी कर रहे जेडी वेंस की यात्रा भी कैंसल कर दी गई थी। उस समय पर ईरान ने अमेरिका के साथ किसी भी द्विपक्षीय वार्ता में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया था। यही हाल आज भी हुआ है। अमेरिका चाहता था कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल के साथ सीधी बात हो, लेकिन ईरान ने ऐसा करने से इनकार कर दिया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।