ईरान संकट को लेकर सस्पेंस, ईरानी विदेश मंत्री की आसिम मुनीर से मुलाकत
Iran war News Latest Update: ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने शनिवार को पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मुलाकात की है। सूत्रों के मुताबिक इस वार्ता के दौरान ईरान ने अमेरिका को लेकर अपनी कुछ चिंताएं पाकिस्तान के साथ साझा की है। जल्दी ही अमेरिकी दल भी इस्लामाबाद पहुंचने वाला है।
Iran war News Latest Update: पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट को समाप्त करने की कवायद में पाकिस्तान इस वक्त वैश्विक केंद्र में बना हुआ है। पाकिस्तानी सरकार के साथ द्विपक्षीय वार्ता करने और अमेरिका के साथ समझौते पर पक्ष रखने इस्लामाबाद पहुंचे ईरानी विदेश मंत्री ने शनिवार को फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मुलाकात की। इस हाई प्रोफाइल मुलाकात की जानकारी ईरानी दूतावास द्वारा फोटो जारी करके दी गई।
पाकिस्तान स्थिति ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक छोटा वीडियो जारी किया। इसमें ईरान के उपविदेश मंत्री, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता और पाकिस्तान में राजदूत मौजूद थे। पाकिस्तान की तरफ से मोहसिन नकवी नजर आए। इस वीडियो में अराघची और मुनीर नजर नहीं आए। लेकिन इसके कैप्शन में लिखा था कि 'अराघची ने मुनीर से मुलाकात की।'
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान सेना के प्रमुख आसिम मुनीर ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता करवाने के केंद्र हैं। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से ज्यादा वह इस वार्ता में भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में अराघची के साथ उनकी यह मुलाकात अहम हो जाती है। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक अराघची जल्दी ही शहबाज शरीफ के साथ भी मुलाकात करेंगे।
अमेरिकी प्रतिनिधियों के आने से पहले लौट सकता है ईरानी दल: रिपोर्ट
पश्चिम एशिया संकट को दूर करने के लिए इस्लामाबाद में मौजूद ईरानी प्रतिनिधिमंडल अभी शीर्ष स्तर पर वार्ता कर रहा है। अमेरिका की तरफ से भी स्टीव विटकॉफ और जेरेश कुशनर के नेतृत्व में अमेरिकी दल वार्ता करने क लिए आ रहा है। लेकिन ईरान ने इनसे आमने-सामने की बातचीत करने से इनकार कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरानी प्रतिनिधिमंडल अमेरिकी अधिकारियों के आने से पहले ही इस्लामाबाद से तेहरान के लिए उड़ान भर सकता है।
एक अधिकारी के मुताबिक इस वार्ता का मुख्य मध्यस्थ पाकिस्तान है। ऐसे में ईरान ने अपनी चिंताएं पाकिस्तान को बता दी हैं। अब इन चिंताओं को लेकर इस्लामाबाद, अमेरिका के सामने आएगा। उन्होंने कहा, "लगता है कि अराघची ने ईरान की ‘कुछ चिंताएं’ पाकिस्तान को बताई हैं, जिन्हें इस्लामाबाद अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के आने पर साझा करेगा। यदि अमेरिका इन चिंताओं को दूर करने और कुछ समझौता करने के लिए तैयार होता है, तो बाद में इस्लामाबाद में उनके बीच दूसरी दौर की प्रत्यक्ष वार्ता हो सकती है।”
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन