चीन-तुर्की जैसे देशों को भाई बता PAK ने सीजफायर का दिया क्रेडिट, शहबाज शरीफ ने क्या कहा?
शहबाज शरीफ ने कहा कि जैसे-जैसे हम इस्लामाबाद वार्ता की ओर बढ़ रहे हैं, मैं अपने भाई जैसे देशों- चीन, सऊदी अरब, तुर्की, इजिप्ट और कतर- के प्रति अपनी गहरी और सच्ची कृतज्ञता व्यक्त करना चाहता हूं।

अमेरिका और ईरान के बीच महीनेभर से ज्यादा समय से चल रहा युद्ध फिलहाल रुक गया है। दो हफ्तों के लिए दोनों के बीच सीजफायर पर सहमति बन गई है। पाकिस्तान की मध्यस्थता ने दोनों देशों के बीच युद्ध रुकवाने में अहम भूमिका निभाई है। इससे पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ गदगद हैं। उन्होंने बुधवार को कई अन्य देशों को भी इसका क्रेडिट दिया। उन्होंने तुर्की, चीन, सऊदी आदि को भाई जैसा देश बताया।
शहबाज शरीफ ने एक्स पर लिखा, ''जैसे-जैसे हम इस्लामाबाद वार्ता की ओर बढ़ रहे हैं, मैं अपने भाई जैसे देशों- चीन, सऊदी अरब, तुर्की, इजिप्ट और कतर- के प्रति अपनी गहरी और सच्ची कृतज्ञता व्यक्त करना चाहता हूं। इन देशों ने संघर्ष को एक व्यापक और निर्णायक अंत तक पहुंचाने के लिए, शांतिपूर्ण कूटनीतिक प्रयासों को एक मौका देने और युद्धविराम तक पहुंचने में अमूल्य और पूर्ण समर्थन दिया है।''
उन्होंने आगे कहा, ''मैं खाड़ी सहयोग परिषद के हमारे भाई जैसे देशों की भी तहे दिल से सराहना और धन्यवाद करना चाहूंगा, जिनका इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता के प्रति निरंतर समर्थन और प्रतिबद्धता हमारे प्रयासों के लिए अत्यंत आवश्यक बनी हुई है। हमारे सभी भाई जैसे देशों और अमेरिका के नेतृत्व ने शांति को एक मौका देने में असाधारण रणनीतिक दूरदर्शिता, समझदारी और धैर्य का प्रदर्शन किया है।''
शरीफ ने आगे कहा कि मैं दुनिया भर में अपने उन सभी भागीदारों और मित्रों को भी धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने आगे बढ़कर वैश्विक शांति के लिए पाकिस्तान के सच्चे प्रयासों को सराहा और स्वीकार किया है। आइए, हम सब मिलकर इस क्षेत्र और उससे बाहर भी एक स्थायी शांति स्थापित करने के लिए काम करें! इससे पहले उन्होंने कहा कि आज दोपहर, मेरी ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के साथ एक सौहार्दपूर्ण और सार्थक बातचीत हुई। इस सप्ताह के अंत में इस्लामाबाद में शांति वार्ता की मेज़बानी करने के पाकिस्तान के प्रस्ताव को स्वीकार करने में ईरानी नेतृत्व द्वारा दिखाई गई बुद्धिमत्ता और दूरदर्शिता के लिए मैंने अपनी गहरी सराहना व्यक्त की। इस वार्ता का उद्देश्य क्षेत्र में शांति की वापसी के लिए मिलकर काम करना है।
राष्ट्रपति पेजेश्कियन ने आगामी वार्ताओं में ईरान की भागीदारी की पुष्टि की और पाकिस्तान के प्रयासों की सराहना करते हुए, पाकिस्तान की जनता के लिए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं। पाकिस्तान क्षेत्र और उससे बाहर भी शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए अपने सभी मित्रों और भागीदारों के साथ मिलकर काम करने के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन