अमेरिका के साथ बनेगी बात? ईरान ने खोला एयरस्पेस, शुरू हो गईं कमर्शल उड़ानें
पाकिस्तान में अमेरिका के साथ दूसरे दौर की वार्ता की उम्मीदों के बीच ही ईरान ने बड़ा फैसला किया है। ईरान ने 28 फरवरी के बाद पहली बार कमर्शल फ्लाइट शुरू कर दी हैं। इसी सप्ताह ईरान ने एयरस्पेस खोलने की घोषणा की थी।

अमेरिका के साथ दूसरे चरण की वार्ता की उम्मीदों के बीच ईरान ने कमर्शल उड़ानें शुरू कर दी हैं। 28 फरवरी के बाद पहली बार तेहरान अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से वाणिज्यिक उड़ान की शुरुआत हुई है। ईरान ने इसी सप्ताह अपना एयरस्पेस खोलने को घोणणा की थी। हालांकि भारत ने अपने नागरिकों को ईरान की यात्रा ना करने की सलाह दी है।
इस संबंध में ईरान के सरकारी टेलीविजन ने बताया कि तेहरान स्थित इमाम खुमैनी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से इस्तांबुल, ओमान की राजधानी मस्कट और सऊदी अरब के मदीना शहर के लिए उड़ानें रवाना हुईं। उड़ानों पर नजर रखने वाले 'फ्लाइटराडार24' के अनुसार, शनिवार सुबह इस्तांबुल के लिए कम से कम तीन उड़ान रवाना हुईं।
भारतीय दूतावास ने दी यात्रा ना करने की सलाह
दो दिन पहले ही भारत ने अपने नागरिकों को ईरान की यात्रा न करने की सलाह दी है। यह परामर्श हाल की उन खबरों के मद्देनजर जारी किया गया है, जिनमें दोनों देशों के बीच कुछ उड़ानों के परिचालन की बात कही गई है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने अपने नवीनतम परामर्श में कहा, "क्षेत्रीय तनाव के कारण हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध और परिचालन संबंधी अनिश्चितताएं ईरान से आने-जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को प्रभावित कर रही हैं।'
दूतावास ने स्पष्ट किया, "भारत और ईरान के बीच कुछ उड़ानों के शुरू होने की खबरों के मद्देनजर, पिछले परामर्शों को जारी रखते हुए, भारतीय नागरिकों को दृढ़ता से सलाह दी जाती है कि वे हवाई या सड़क मार्ग से ईरान की यात्रा न करें। गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद हवाई सेवाएं बंद कर दी गई थीं। पाकिस्तान की मध्यस्थता से आठ अप्रैल से लागू हुआ अस्थायी संघर्ष विराम 22 अप्रैल को समाप्त हो रहा है, हालांकि दीर्घकालिक शांति के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी हैं।
अमेरिका ईरान वार्ता पर क्या है अपडेट
इस्लामाबाद में प्रस्तावित अमेरिका और ईरान का वार्ता पर अभी शंका बनी हुई है। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के तहत 'लॉकडाउन' एक सप्ताह से जारी है। ईरान के विदेश मंत्री अराघची अपनी टीम के साथ पहुंच चुके हैं। हालांकि अमेरिका का प्रतिनिधिमंडल अभी नहीं पहुंचा है। इससे पहले ईरान ने अमेरिका से सीधी बात करने से भी इनकार कर दिया था। पिछली बार भी इस्लामाबाद में ही शांति वार्ता हुई थी जिसका कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला था। अमेरिका का कहना है ईरान उसकी मांगों के हिसाब से वार्ता का प्रस्ताव तैयार रखे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन