किचन में बन रहे घातक हथियार! कैसे रूस के पसीने छुड़ा रहीं यूक्रेन की 'गृहिणियां'
यूक्रेनी गृहिणियां अपने घरों में 500 डॉलर के FPV ड्रोन्स बनाकर कैसे आधुनिक युद्ध के नियम बदल रही हैं? जानिए 'इंडस्ट्रियल डार्विनिज्म' क्या है और राइनमेटल कंपनी के विवाद की पूरी कहानी, जिसने यूरोप की रक्षा का नजरिया बदल दिया।

आधुनिक युद्ध अब सिर्फ टैंकों, लड़ाकू विमानों और अरबों डॉलर की मिसाइलों से नहीं लड़े जा रहे हैं। आज की जंग का एक बड़ा हिस्सा 500 डॉलर यानी करीब 40-45 हजार रुपये के उन छोटे ड्रोन्स के जरिए लड़ा जा रहा है, जिन्हें कोई बड़ी हथियार कंपनी नहीं बल्कि आम लोग अपने घरों में बना रहे हैं। हाल ही में, यूक्रेन में एक बड़ा विवाद तब खड़ा हो गया जब यूरोप की सबसे बड़ी हथियार निर्माता कंपनियों में से एक जर्मनी की 'राइनमेटल' के सीईओ ने यूक्रेन के इस 'ड्रोन इनोवेशन' का मजाक उड़ाया। उन्होंने इसे 'गृहिणियों द्वारा रसोई में तैयार की गई बुनियादी तकनीक' कहकर खारिज कर दिया। इस बयान ने यूक्रेन के लोगों को बुरी तरह आहत किया और गुस्सा दिला दिया। आइए समझते हैं कि आखिर यह पूरा विवाद क्या है और कैसे सचमुच यूक्रेनी गृहिणियां और आम नागरिक यूरोप की रक्षा की ढाल बन गए हैं।
पहले- क्या है पूरा विवाद?
राइनमेटल कंपनी बड़े-बड़े टैंक, तोपखाने और एयर डिफेंस सिस्टम बनाती है, जिनकी कीमत करोड़ों-अरबों में होती है। हाल ही में कंपनी के सीईओ अर्मिन पैपरगर ने एक इंटरव्यू में फर्स्ट-पर्सन व्यू (FPV) ड्रोन्स की अहमियत को कम आंकते हुए कहा कि ये मिलिट्री-ग्रेड यानी सेना के स्तर के हथियार नहीं हैं। उन्होंने इशारों-इशारों में कहा कि यह तो ऐसा है जैसे कोई गृहिणी (हाउस वाइफ) अपने किचन या गैरेज में कुछ तार और प्लास्टिक जोड़कर कोई खिलौना बना ले। पापरगर ने इंटरव्यू में यूक्रेन के ड्रोन कार्यक्रम को हल्का बताते हुए कहा, 'यह तो लेगो खेलने जैसा है। यूक्रेन की सबसे बड़ी ड्रोन बनाने वाली कंपनियां? वो तो यूक्रेनी गृहिणियां हैं। वे अपने रसोईघर में 3डी प्रिंटर रखती हैं और ड्रोन के पार्ट्स बनाती हैं। इसमें कोई इनोवेशन नहीं है।' ये शब्द मार्च के अंत में द अटलांटिक मैगजीन में छपे। पापरगर ने कहा कि यूक्रेन के पास लॉकहीड मार्टिन या राइनमेटल जैसी बड़ी टेक्नोलॉजी नहीं है- बस छोटे-छोटे ड्रोन बनाकर 'वाह!' कह रहे हैं। यूक्रेन के लोगों को यह बात बहुत चुभी। क्यों? क्योंकि जब पश्चिमी देशों से हथियार आने बंद हो गए थे या देरी से आ रहे थे, तब इन्हीं 'किचन में बने' ड्रोन्स ने रूसी सेना को आगे बढ़ने से रोका था।
TAF इंडस्ट्रीज के संस्थापक का कड़ा पलटवार
इस टिप्पणी पर यूक्रेन की एक प्रमुख रक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी, TAF इंडस्ट्रीज के संस्थापक ओलेक्सांद्र याकोवेंको ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने तर्क दिया कि पैपरगर के विचार युद्ध के मैदान की वास्तविकता के प्रति उनकी बुनियादी नासमझी को दर्शाते हैं। एक्स पर याकोवेंको ने लिखा कि जब आपने यूक्रेनी ड्रोन निर्माताओं को 'रसोई में बैठीं गृहिणियां' कहा, तो आपने यह दिखा दिया कि यूरोपीय रक्षा प्रतिष्ठान अभी भी आधुनिक युद्ध की प्रकृति को समझने में कितनी बुरी तरह फेल है।
याकोवेंको ने यूक्रेन की क्षमता को साबित करने के लिए कई दावे किए। उन्होंने कहा कि अकेले 2025 में यूक्रेनी ड्रोन्स ने 819,737 पुष्ट हमले किए हैं। रूसी सेना को हुए कुल युद्ध नुकसान का 90% हिस्सा इन्ही ड्रोन्स की वजह से हुआ है, जो अन्य सभी प्रकार के हथियारों के संयुक्त नुकसान से भी अधिक है। अकेले TAF इंडस्ट्रीज हर महीने 1,00,000 फर्स्ट-पर्सन-व्यू (FPV) ड्रोन बनाती है। याकोवेंको ने राइनमेटल को चुनौती देते हुए कहा कि किसी भी 90 दिनों की अवधि में, अकेले मेरी कंपनी के ड्रोन्स ने राइनमेटल के पूरे इतिहास में सभी युद्धों के दौरान इस्तेमाल किए गए आपके हथियारों के बेड़े से अधिक और सटीक हमले किए हैं। याकोवेंको ने यूक्रेन युद्ध की तुलना 'औद्योगिक डार्विनवाद' से की।
राष्ट्रपति जेलेंस्की का चुटीला जवाब
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने भी द अटलांटिक से बातचीत के दौरान पैपरगर की इन टिप्पणियों का एक बेहद मजाकिया और करारा जवाब दिया। व्हाट्सएप चैट में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि अगर यूक्रेन की हर गृहिणी वास्तव में ड्रोन बना सकती है, तो यूक्रेन की हर गृहिणी राइनमेटल की CEO भी बन सकती है।
यूक्रेन की प्रधानमंत्री ने भी बोला हमला
यूक्रेनी पीएम यूलिया स्विरिडेन्को ने भी इस विवाद पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'हां, यूरोप की सुरक्षा यूक्रेनी 'गृहिणियों' के दम पर टिकी है। यूक्रेनी महिलाएं सचमुच यूक्रेन के युद्ध प्रयासों और यूरोप की सुरक्षा का एक अहम हिस्सा हैं। उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए उन कई क्षेत्रों में कदम रखा है जिन्हें कभी पुरुषों का गढ़ माना जाता था; वे अपने साथ ऊर्जा, अनुशासन और पक्का इरादा लेकर आई हैं। रक्षा बलों और रक्षा उद्योग, दोनों ही जगहों पर वे सकारात्मक बदलाव ला रही हैं और नए समाधान तैयार करने में मदद कर रही हैं। यह सब वे एक सबसे जरूरी पैमाने को ध्यान में रखकर कर रही हैं। पैमान है- युद्ध के मैदान में असरदार होना। वे यह सब ऐसे समय में कर रही हैं जब वे हमारी अगली पीढ़ी को पाल-पोस रही हैं और युद्ध के दबावों के बीच अपने परिवारों की देखभाल भी कर रही हैं। मुझे उन महिलाओं से नियमित रूप से मिलकर गर्व महसूस होता है जो मोर्चे पर और रक्षा उत्पादन, दोनों ही जगहों पर अपनी सेवाएं दे रही हैं। पुरुषों के साथ मिलकर, यूक्रेनी महिलाएं न केवल अपने घरों की रक्षा कर रही हैं, बल्कि पूरे यूरोप में शांति और स्थिरता को भी बनाए रख रही हैं। यूक्रेन के लोग न केवल हमारे पूरे सम्मान के हकदार हैं, बल्कि उनकी बात सुनी जानी चाहिए और उनसे कुछ सीखा भी जाना चाहिए।'
बढ़ते विवाद को देखते हुए, यूक्रेन के साथ एक संयुक्त उद्यम स्थापित कर चुकी कंपनी राइनमेटल ने रविवार को एक बयान जारी कर सफाई दी। कंपनी ने कहा कि अपनी रक्षा करने में लगे यूक्रेनी लोगों के प्रति सर्वोच्च सम्मान है। बयान में आगे कहा गया कि यूक्रेनी लोगों की नई शक्ति और लड़ने की भावना हमारे लिए एक प्रेरणा है।
रसोई में कैसे बन रहे हैं घातक हथियार?
यूक्रेन में इस वक्त हथियारों का उत्पादन किसी एक बड़ी फैक्ट्री में नहीं हो रहा है, बल्कि यह एक 'डीसेंट्रलाइज्ड' व्यवस्था बन गई है। यूक्रेन सरकार और कई गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) ने ऑनलाइन कोर्स शुरू किए हैं, जहां आम लोगों को सिखाया जाता है कि घर पर FPV ड्रोन कैसे असेंबल करें। जो महिलाएं, बुजुर्ग या छात्र मोर्चे पर लड़ने नहीं जा सकते, वे अपने घरों में डाइनिंग टेबल पर बैठकर चीन से मंगवाए गए पार्ट्स, मोटर और तारों को सोल्डर कर रहे हैं।
3D प्रिंटर का कमाल
ड्रोन्स पर बम गिराने वाले मैकेनिज्म को लोग अपने घरों में रखे 3D प्रिंटर से बना रहे हैं। घर पर ड्रोन बनाने के बाद उसे सेना को सौंप दिया जाता है। सेना उसका 'क्वालिटी चेक' करती है, उसमें विस्फोटक लगाती है और सीधा युद्ध के मैदान में भेज देती है।
युद्ध का नया नियम
डार्विन का सिद्धांत कहता है कि 'वही जीव जीवित रहेगा, जो हालात के हिसाब से सबसे जल्दी खुद को ढाल लेगा।' युद्ध के मैदान में इसे 'इंडस्ट्रियल डार्विनिज्म' कहा जा रहा है। राइनमेटल जैसी बड़ी कंपनियों को एक नया हथियार डिजाइन करने, उसे टेस्ट करने और फिर बनाने में 5 से 10 साल लग जाते हैं। उनकी लालफीताशाही और नियम बहुत कड़े हैं। दूसरी तरफ, यूक्रेन का 'इनोवेशन' एक जमीनी स्तर का जुगाड़ है।
याकोवेंको ने बताया कि हम हर हफ्ते अपने सिस्टम को अपग्रेड करते हैं। हम मिसाइल हमलों में अपनी फैक्ट्रियां खो देते हैं और हफ्तों के भीतर उन्हें फिर से बना लेते हैं। जबकि आपके इंजीनियरों को मामूली अपग्रेड को प्रमाणित करने के लिए अभी भी 3-5 साल और करोड़ों यूरो की आवश्यकता होती है।' उन्होंने कहा कि अगर रूसी सेना आज किसी यूक्रेनी ड्रोन की रेडियो फ्रीक्वेंसी को जाम करना सीख लेती है, तो यूक्रेन के घर-घर में बैठे सॉफ्टवेयर इंजीनियर और हैकर्स मात्र 3 दिन के अंदर ड्रोन का सॉफ्टवेयर अपडेट कर देते हैं ताकि वह नई फ्रीक्वेंसी पर उड़ सके। बड़ी कंपनियां इतनी तेजी से बदलाव सोच भी नहीं सकतीं। यही कारण है कि आज युद्ध के मैदान में 500 डॉलर का 'किचन में बना ड्रोन', रूस के 50 लाख डॉलर वाले 'T-90 टैंक' को पलक झपकते ही खाक में मिला रहा है।
बड़ी कंपनियों की गलतफहमी और यूरोप की रक्षा
हथियार बनाने वाली बड़ी कंपनियों का गुरूर यह है कि वे मानती हैं कि 'असली हथियार' वही है जो उनकी महंगी फैक्ट्रियों में बनता है। लेकिन यूक्रेन ने साबित कर दिया है कि युद्ध अब 'सस्ते, तेज और भारी मात्रा' हथियारों की तरफ मुड़ चुका है। यूरोप के कई सैन्य विशेषज्ञ अब मान रहे हैं कि यूक्रेन की यह 'जुगाड़ तकनीक' ही असल में पूरे यूरोप की रक्षा कर रही है। अगर यूक्रेन सिर्फ पश्चिमी देशों के महंगे हथियारों के भरोसे बैठा रहता, तो शायद अब तक रूस काफी आगे बढ़ चुका होता। यूक्रेनी नागरिकों (जिसमें बड़ी संख्या में गृहिणियां शामिल हैं) की इस सामूहिक मेहनत ने युद्ध के मोर्चे को स्थिर रखा हुआ है।
'हाउसवाइफ टेक' कोई गाली नहीं, सम्मान है
राइनमेटल के सीईओ ने भले ही "गृहिणियों की तकनीक" कहकर इसका मजाक उड़ाया हो, लेकिन इतिहास इसे एक अलग नजरिए से देखेगा। जब एक शक्तिशाली देश ने हमला किया, तो दूसरे देश की आम जनता ने हार मानने के बजाय अपने किचन और गैरेज को हथियार कारखानों में बदल दिया। यह सिर्फ एक युद्ध नहीं है, बल्कि हथियारों के इतिहास का एक बहुत बड़ा बदलाव है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन