ट्रंप-पुतिन का ब्रोमांस अब खत्म! पैट्रियट मिसाइल की मदद के साथ US के विशेष दूत पहुंचे यूक्रेन
ट्रंप और पुतिन का ब्रोमांस अब खत्म होने के कगार पर है। ट्रंप यूक्रेन यु्द्ध न रुकवाने के लिए पुतिन को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। अब वादे के मुताबिक, ट्रंप सरकार ने यूक्रेन को पेट्रियट मिसाइल की मदद की है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का ब्रोमांस अब खत्म होने के कगार पर है। यूक्रेन युद्ध पर पुतिन की कड़ी आलोचना के बाद ट्रंप सरकार ने यूक्रेन के साथ सैन्य सहयोग के नए चरण की शुरुआत कर ली है। सोमवार को ट्रंप के विशेष दूत और रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल कीथ केलॉग कीव पहुंचे। यहां उन्होंने यूक्रेनी अधिकारियों के साथ सुरक्षा, हथियारों, प्रतिबंधों और आपसी सहयोग पर अहम बातचीत की।
इस दौरे के साथ ही अमेरिका ने यूक्रेन को पैट्रियट एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम देने की घोषणा की है, जो रूस के बढ़ते हवाई हमलों के खिलाफ एक बड़ी सैन्य सहायता मानी जा रही है। इसी बीच NATO के नए महासचिव मार्क रुटे भी वॉशिंगटन पहुंचे हैं। वे राष्ट्रपति ट्रंप, विदेश मंत्री मार्को रुबियो और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से मुलाकात कर रहे हैं।
यूक्रेन युद्ध रुकवाना चाहते हैं ट्रंप
ट्रंप किसी भी हाल में यूक्रेन-रूस युद्ध को रुकवाना चाहते हैं। 20 जनवरी को अमेरिकी सत्ता पर दोबारा आने के बाद ट्रंप ने गाजा और यूक्रेन युद्ध रुकवाने की बात कही थी। गाजा पर तो बात बन गई, लेकिन 6 महीनों में 6 कोशिशों के बाद भी ट्रंप यूक्रेन और रूस युद्ध रुकवा नहीं पाए। ट्रंप के मुताबिक, यूक्रेन तो तैयार है, लेकिन रूस अभी भी पूरी तरह से सहयोग नहीं कर रहा है। ट्रंप का कहना है कि पुतिन दिन में मीठी-मीठी बातें करते हैं और रात में यूक्रेन पर बम गिरा देते हैं। ट्रंप ने पुतिन को पागल, सनकी जैसे शब्द भी कहे। यह दर्शाता है कि ट्रंप और पुतिन के बीच ब्रोमांस अब धीरे-धीरे खत्म होता जा रहा है।
यूक्रेन पर ट्रंप की नई पॉलिसी
यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय प्रमुख अंद्रेई यरमक ने कहा, "रूस युद्धविराम नहीं चाहता। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ‘शक्ति से शांति’ नीति ही आज की जरूरत है और हम इसका समर्थन करते हैं।" यह दौरा ऐसे वक्त में हुआ है जब रूस की सेना ने यूक्रेनी शहरों, खासकर राजधानी कीव पर तेज हवाई हमलों का सिलसिला तेज कर दिया है।
क्या है पैट्रियट मिसाइल सिस्टम?
पैट्रियट मिसाइल सिस्टम अमेरिका का सबसे आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम है, जो दुश्मन के ड्रोन, क्रूज़, बैलिस्टिक मिसाइलों और हवाई हमलों से रक्षा करने में सक्षम है। यूक्रेन की वायुसेना के मुताबिक, रूस ने सिर्फ जून महीने में पिछले साल की तुलना में 10 गुना ज्यादा ड्रोन और मिसाइलें दागीं। इसके चलते जान-माल का नुकसान काफी हुआ, जो तीन सालों में सबसे ज्यादा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन