यूक्रेन युद्ध में शर्मिंदगी और भ्रष्टाचार के आरोप... पुतिन के वफादार ने खुद को गोली से क्यों उड़ाया
रूस के परिवहन मंत्री रोमन स्टारोवॉयट की मौत ऐसे वक्त पर हुई है जब रूस पहले से ही यूक्रेनी ड्रोन हमलों और युद्ध संबंधी असफलताओं से जूझ रहा है। स्टारोवॉयट को लेकर रूसी मीडिया में चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं।

रूस के परिवहन मंत्री रोमन स्टारोवॉयट की मौत ने हड़कंप मचा दिया है। सोमवार को राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा बर्खास्त किए जाने के कुछ ही घंटों बाद उनका शव कार में गोली लगे हुए पाया गया। जांच एजेंसियां अभी इसे आत्महत्या मान रही हैं, लेकिन जांच भी शुरू हो गई है। रूसी मीडिया के अनुसार, स्टारोवॉयट की मौत का कनेक्शन यूक्रेन युद्ध में सैन्य असफलता की शर्मिंदगी और अरबों के भ्रष्टाचार से जुड़ा हुआ है।
कौन थे रोमन स्टारोवॉयट?
53 वर्षीय रोमन स्टारोवॉयट मई 2024 से रूस के परिवहन मंत्री थे। इससे पहले वे कुर्स्क क्षेत्र के गवर्नर रह चुके थे। कुर्स्क वही क्षेत्र हैं, जो पिछले साल यूक्रेन के हमलों की जद में आया था। कुर्स्क में यूक्रेनी सैनिकों ने न सिर्फ घुसपैठ की, बल्कि 10 हजार किलोमीटर तक कब्जा कर लिया था। इस असफलता ने रूस को अंदर से झकझोर कर दिया था, क्योंकि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यह मौका था, जब रूसी धरती पर किसी दूसरे देश ने कब्जा किया हो।
मौत के पीछे क्या वजह?
स्टारोवॉयट को सोमवार सुबह एक राष्ट्रपति आदेश के जरिए उनके पद से हटा दिया गया था। कुछ ही घंटों बाद उनका शव कार में गोली लगे हालत में मिला। रूसी इन्वेस्टिगेटिव कमेटी ने पुष्टि की है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, स्टारोवॉयट की बर्खास्तगी और मौत दोनों को जोड़कर देखा जा रहा है, खासकर उस भ्रष्टाचार जांच के संदर्भ में, जो कुर्स्क क्षेत्र में रक्षा निर्माण से जुड़े अरबों के घोटाले से जुड़ी है।
यूक्रेन युद्ध से क्या कनेक्शन?
अगस्त 2024 में यूक्रेन ने कुर्स्क क्षेत्र में बड़ा सैन्य हमला किया था। रूस की रक्षा रेखाएं उसे रोकने में विफल रहीं और आरोप लगे कि रक्षा निर्माण के लिए आवंटित फंड का दुरुपयोग हुआ था। इसी मामले में स्टारोवॉयट के उत्तराधिकारी गवर्नर अलेक्सी स्मिरनोव को पहले ही धोखाधड़ी और घोटाले के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है। अब स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स कहती हैं कि स्टारोवॉयट जांच के अगले निशाने पर हो सकते थे।
स्टारोवॉयट पर क्रेमलिन की चुप्पी
स्टारोवॉयट की मौत ऐसे वक्त पर हुई है जब रूस पहले से ही यूक्रेनी ड्रोन हमलों और युद्ध संबंधी असफलताओं से जूझ रहा है। स्टारोवॉयट के बाद अंद्रेई निकितिन को नया परिवहन मंत्री बनाया गया है। पिछले पांच महीनों से वह डिप्टी ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर का काम संभाल रहे थे। क्रेमलिन ने उनकी तारीफ की लेकिन स्टारोवॉयट की बर्खास्तगी पर कुछ नहीं कहा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन